कटाव निरोधक कार्य का डीएम ने किया निरीक्षण ; 30 जून तक शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण करने का निर्देश

0 minutes, 2 seconds Read

SARAN DESK – सारण जिले में संभावित बाढ़ के दृष्टिगत चल रही बाढ़ सुरक्षा एवं कटाव निरोधक तैयारियों की समीक्षा के क्रम में आज जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के साथ मकेर प्रखंड अंतर्गत हैज़लपुर में जल संसाधन विभाग (बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल) द्वारा कराए जा रहे कटाव निरोधक कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान कार्यपालक अभियंता द्वारा बताया गया कि संदर्भित कटाव निरोधक कार्य का लगभग 92 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है. जिस पर जिलाधिकारी ने शेष कार्य को 30 जून तक हर हाल में शत-प्रतिशत पूर्ण करने का निर्देश दिया.

Add

उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि कार्य पूर्ण होने के साथ-साथ स्थल पर पर्याप्त मात्रा में कटाव निरोधी सामग्री उपलब्ध रखी जाए, ताकि नदी के जलस्तर में वृद्धि अथवा किसी आकस्मिक परिस्थिति की स्थिति में त्वरित सुरक्षात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके. जिलाधिकारी ने संबंधित स्थल के अतिरिक्त आसपास के संभावित संवेदनशील एवं आक्राम्य स्थलों पर भी आवश्यक मात्रा में कटाव निरोधी सामग्री पूर्व से उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके. निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने नाव के माध्यम से नदी के अपस्ट्रीम क्षेत्र का भी निरीक्षण किया, जहां नदी की नई जलधारा तैयार करने के उद्देश्य से सिल्ट हटाने का कार्य कराया गया है.

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि नदी से निकाले गए सिल्ट एवं मिट्टी को तटबंध से पर्याप्त दूरी पर सुरक्षित रखा जाए, ताकि वर्षा अथवा जलस्तर बढ़ने की स्थिति में वह पुनः नदी में वापस न चला जाए. साथ ही उन्होंने पाया कि कुछ स्थानों पर अपेक्षाकृत कम क्षेत्र से सिल्ट हटाने का कार्य किया गया है. इस पर उन्होंने संबंधित अभियंताओं को निर्देश दिया कि प्राक्कलन की पुनः समीक्षा करते हुए निर्धारित क्षेत्रफल के अनुरूप सिल्ट हटाने का कार्य सुनिश्चित किया जाए, ताकि परियोजना का उद्देश्य पूर्ण रूप से प्राप्त हो सके. जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी बाढ़ सुरक्षा कार्यों की सतत निगरानी करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूर्ण कराएं, जिससे संभावित बाढ़ एवं कटाव से जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *