IPL-2024 की नीलामी में बिहार के गोपालगंज का बेटा भी है शामिल ; जाने क्या है बाॅल फेंकने की स्पीड

0 minutes, 1 second Read

GOPALGANJ DESK – बिहार के गोपालगंज जिला अंतर्गत दरगाहशरीफ मोहल्ला निवासी अली अहमद हुसैन के पुत्र साकिब हुसैन पर इंडियन प्रीमियर लीग 2024 के लिए फ्रेंचाइजी टीमें दांव लगाएंगी. आईपीएल ऑक्शन को लेकर आयोजन समिति द्वारा जारी की गयी खिलाड़ियों की नीलामी सूची में गोपालगंज के साकिब हुसैन का नाम भी शामिल हैं. जिनका बेस प्राइस 20 लाख रुपए रखा गया है. साकिब दायें हाथ के तेज गेंदबाज हैं. आईपीएल टीम चेन्नई सुपर किंग्स के लिए नेट बॉलिंग कर चुके हैं.

 

इनकी बॉलिंग स्पीड औसतन 140 किलोमीटर प्रति घंटे की है. दुबई में आईपीएल का ऑक्शन होगा. जिसमें कई टीमों की निगाहें साकिब पर होंगी. टीमें इनपर बोली लगाकर खरीदेंगी और इसके बाद खरीदी गयी टीम की ओर से बतौर गेंदबाज इन्हें आईपीएल में प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा. इधर, आईपीएल ऑक्शन में इनके शामिल होने से जिला क्रिकेट संघ व क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह है. संघ के जिला सचिव साकेत गिरि ने बताया कि साकिब में असाधारण प्रतिभा है. ये मानिकपुर स्थित टुन्ना गिरि क्रिकेट एकेडमी में कोच नसीम की देखरेख में प्रैक्टिस करते हैं.

संघ के पदाधिकारियों, साथी खिलाड़ियों , परिजनों व जिले के क्रिकेट प्रेमियों ने साकिब के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है. साकिब हुसैन बिहार के गोपालगंज ज़िले के रहने वाले हैं. वह नेट बॉलर के तौर पर चेन्नई सुपर किंग्स से जुड़े हुए हैं. साकिब ने बचपन से ही क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया था. साल 2021 में वह बिहार क्रिकेट लीग में शामिल हुए थे. इसके बाद अंडर-19 खेलने वह चंडीगढ़ गए. साकिब, अली अहमद हुसैन के बेटे हैं. उनके पिता सेंट्रिंग मजदूरी का काम करते हैं. साकिब, चार भाइयों में तीसरे नंबर के हैं.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *