तेज रफ्तार का कहर : अलग-अलग सड़क हादसों में तीन व्यक्ति की गई जान ; घर-परिवार में मातम

0 minutes, 2 seconds Read

CHHAPRA DESK –  सारण जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में हुई सड़क दुर्घटनाओं में तीन व्यक्ति की मौत हुई है. पहली घटना छपरा शहर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बिचली बधार गांव के समीप घटी, जहां एक दर्दनाक हादसे में 16 वर्षीय किशोर की मौत डंपर की चपेट में आने से हो गई. मृतक मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जमुना मुसेहरी गांव निवासी अर्जुन राय का 17 वर्षीय पुत्र गोलू कुमार बताया जाता है. घटना के संबंध में परिजनों ने सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के दौरान बताया कि गोलू कुमार एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए खुदाईबाग गया था. वहां से वह देर रात अपने घर लौट रहा था. उसी दौरान गांव के समीप सड़क किनारे शौच के लिए रुका हुआ था, तभी तेज गति से आ रहे एक डंपर ने उसे कुचल दिया. इस हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है. वहीं, पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया. इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और गांव में मातम का माहौल बना हुआ है.

Add

जबकि दूसरी घटना में जिले के अवतार नगर थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव के समीप दर्दनाक सड़क हादसे में एक अधेड़ की मौत हो गई. बताया जाता है कि सड़क किनारे खड़े होकर लघुशंका करने के दौरान तेज रफ्तार थार गाड़ी ने उसे रौंद दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई. मृतक मढौरा थाना क्षेत्र के देव बहुआरा गांव निवासी धनेश्वर मांझी का 45 वर्षीय पुत्र अमेरिका मांझी बताया जाता है. घटना के संबंध में सदर अस्पताल में मौजूद परिजनों ने बताया कि अमेरिका मांझी मोटरसाइकिल से शीतलपुर अपने साढ़ू के घर जा रहा था. उसी दौरान वह रास्ते में सड़क किनारे रुका हुआ था, तभी तेज गति से आ रही थार गाड़ी ने उसे कुचल दिया. हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने गाड़ी को पकड़ लिया, लेकिन चालक मौके से फरार हो गया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. मृतक सिवान में एंबुलेंस चलाने का काम करता था और दो दिन पहले ही अपने घर आया था. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. वहीं पुलिस फरार चालक की तलाश में जुट गई है.

जबकि तीसरी घटना जिले के रिविलगंज थाना क्षेत्र के देवरिया गांव के समीप सड़क किनारे खून से लथपथ एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला. सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल भेजा, जहां पहचान होने के बाद मृतक की पहचान रिविलगंज थाना क्षेत्र के देवरिया गांव निवासी राम प्रसाद महतो के 47 वर्षीय पुत्र नागेंद्र महतो के रूप में हुई. घटना के संबंध में सदर अस्पताल पहुंचे परिजनों ने बताया कि नागेंद्र महतो बीती रात गांव के समीप आयोजित एक तिलक समारोह में शामिल होने गया था. कार्यक्रम में भोजन करने के बाद वह देर रात अपने घर लौट रहा था. उसी दौरान हाजीपुर-गाजीपुर फोरलेन के पास सड़क पार करने के क्रम में तेज रफ्तार हाईवा ने उन्हें कुचल दिया है.

जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई है. परिजनों का आरोप है कि जिस हाईवा से दुर्घटना हुई, वह सुशील सिंह के ठेके में चल रहा था. घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और वाहन की पहचान कर चालक की तलाश की जा रही है. मृतक के परिजनों ने बताया कि नागेंद्र महतो परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे. वह वाहन चलाने के साथ-साथ अनाउंसिंग का भी काम करते थे, जिससे परिवार का भरण-पोषण होता था उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और आगे की कार्रवाई जारी है.वहीं, स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने और दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *