शहर में हत्या के बाद खनुआ पर बवाल मामले में दो अन्य अभियुक्त भी गिरफ्तार ; अब तक चार लोग भेजे जा चुके हैं जेल

0 minutes, 2 seconds Read

CHHAPRA DESK –   छपरा शहर के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कटहरी बाग स्थित बजरंग कॉलोनी में बीते 11 मई की रात दो भाइयों को लाठी-डंडे से पीट कर एक की हत्या कर दी गई थी, जबकि दूसरे का उपचार चल रहा है. इस मामले में पुलिस ने अग्रेतर कार्रवाई करते हुए दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा है. जबकि इससे पूर्व दो हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है. इस मामले में प्रेस वार्ता के दौरान ग्रामीण एसपी शिखर चौधरी ने बताया कि नगर थाना क्षेत्र में आपसी विवाद को लेकर हुए हत्याकांड मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

 

गिरफ्तार आरोपी नगर थाना क्षेत्र के ब्राह्मण स्कूल के समीप मोहन नगर निवासी सागर कुमार चौधरी तथा मौना चौक का रहने वाला सनी कुमार है. इस मामले में अब तक कुल चार लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. इससे पूर्व नगर थाना क्षेत्र के छोटा तेलपा मोहल्ला निवासी पंकज कुमार राय तथा मिंटू राय को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है. उक्त मामले में नेहाल कुरैसी के बयान के आधार पर नगर थाना कांड संख्या-250/25 दर्ज किया गया था. पुलिस उन अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी कर रही है. टीम में सदर एसडीपीओ 1 राज किशोर सिंह,नगर थानाध्यक्ष संजीव कुमार समेत अन्य शामिल थे.

बताते चलें कि 11 मई की देर शाम शहर के नगर थाना अंतर्गत कटहरी बाग मोहल्ला के समीप पूर्व के विवाद एवं जानवर चोरी को लेकर हुए विवाद के बाद स्थानीय लोगों के द्वारा लाठी-डंडे से पीट-पीट कर करीमचक खनुआ मोहल्ला निवासी नन्हे कुरैशी के 22 वर्षीय पुत्र जाकिर कुरैशी की हत्या कर दी गई. जबकि उसके भाई 26 वर्षीय नेहाल कुरैशी जख्मी हो गया था, जिसका उपचार किया गया. इस घटना के बाद शहर में पूरी तरह से बवाल मच गया. वहीं पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक घटना में शामिल चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है जबकि दो नामजद आरोपी अभी भी फरार हैं.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *