छपरा जंक्शन परिसर में टेंपो चालकों की आरपीएफ ने कर दी पिटाई, तोड़ा टेंपो का शीशा ; हंगामा

0 minutes, 2 seconds Read

 

CHHAPRA DESK – .पूर्वोत्तर रेलवे के छपरा जंक्शन पर किन्नर की पिटाई का मामला अभी शांत ही हुआ था कि आज एक बार फिर आरपीएफ के द्वारा टेंपो चालकों के साथ मारपीट कर उन्हें जख्मी कर दिया गया. वही सर्कुलेटिंग एरिया में खड़े टेंपो को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया. घटना के बाद चालकों ने जमकर हंगामा किया. टेंपो चालक सोनू कुमार ने बताया कि अभी नया टेंपू खरीद कर परिवार के दो वक्त की रोटी के लिए स्टेशन से सवारी ढोने का काम करता हूं. आज पुलिस द्वारा पिटाई तो की ही गई और नया टेंपो तोड़ दिया गया. वहीं इस पिटाई मे आधा दर्जन से अधिक चालक घायल हो गए, जबकि कई टेंपो और टोटो भी क्षतिग्रस्त हो गए. घटना के बाद आक्रोशित चालकों ने आरपीएफ पर गंभीर आरोप लगाए. उनका कहना है कि सर्कुलेटिंग एरिया में वाहन खड़ा करने के नाम पर आरपीएफ द्वारा अवैध वसूली की जाती है.

आरोप है कि जो चालक पैसे देने से इनकार करते हैं, उनके साथ मारपीट की जाती है और उनके वाहनों को नुकसान पहुंचाया जाता है. उन लोगों का साफ तौर पर आरोप था कि मोटी रकम नहीं देने के एवज में पुलिस प्रताड़ित करती है. चालकों के हंगामे के कारण स्टेशन परिसर में यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई. यात्रियों को आसपास के जगह पर जाने के लिए टेंपो भगवान बाजार चौक से पकड़ना पड़ा. इस पूरे मामले ने एक बार फिर रेलवे स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और आरपीएफ की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं. इस संबंध में आरपीएफ प्रभारी विनोद कुमार यादव ने बताया कि वरीय अधिकारियों के आदेश पर सर्कुलेटिंग एरिया में वाहन खड़ा नहीं करना है लेकिन उसके बावजूद भी यह लोग वाहन खड़े करते हैं. जिसको लेकर उन्हें सर्कुलेटिंग एरिया से भगाया गया है.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *