छपरा-गड़खा-मुजफ्फरपुर के बीच भी चलेगी ट्रेन ; नई रेल लाइन बिछाने की प्रक्रिया होगी शुरू : CEO

0 minutes, 0 seconds Read

CHHAPRA DESK- पूर्वोत्तर रेलवे के छपरा जंक्शन को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस करने के उद्देश्य से चल रहे निर्माण कार्यों का रेलवे बोर्ड के सीईओ सतीश कुमार ने रेल महाप्रबंधक सौम्या ठाकुर, रेल प्रबंधक विनीत कुमार श्रीवास्तव के साथ शुक्रवार को दूसरे दिन भी जंक्शन का निरीक्षण किया. यह निरीक्षण अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत किया गया, जिसके अंतर्गत स्टेशन को यात्रियों के लिए ज्यादा सुविधाजनक और सुव्यवस्थित बनाने का प्रयास किया जा रहा है.निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्लेटफॉर्म संख्या 1 से लेकर 8 तक की सफाई, पेंटिंग, दीवारों पर लगे विज्ञापन बोर्ड, लाइटिंग, और यात्री सुविधाओं की समीक्षा की.

उन्होंने प्लेटफार्म, सेकंड एंट्री गेट और ऊपरगामी पुल (फुटओवर ब्रिज) की स्थिति पर भी विशेष ध्यान देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि प्लेटफॉर्म संख्या 6 और 7 के साथ-साथ ऊपरगामी पुल पर फर्श की मरम्मत और आधुनिकता के तहत अपडेट किया जाएगा. वहीं दूसरी ओर, सेकंड एंट्री को पूरी तरह विकसित करने के लिए पार्किंग, रोशनी और यात्री सुविधा केंद्र जैसे कार्यों को अगले 5 महीनों के भीतर पूर्ण करने का की बात कही.

नई रेल लाइन का भी ऐलान

सीईओ श्री कुमार ने बताया कि छपरा से मुजफ्फरपुर के बीच गड़खा होते हुए नई रेल लाइन बिछाने की प्रक्रिया भी जल्द शुरू की जाएगी, जिससे दोनों शहरों के बीच आवागमन और सुगम हो सकेगा. यह प्रोजेक्ट क्षेत्र के विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है. उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि अमृत भारत योजना के तहत छपरा जंक्शन को एक मॉडल स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां यात्री सुविधाएं, सुरक्षा और स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी. उस दौरान सभी विभाग के आला अधिकारी मौजूद थे.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *