फिर दहेज की बेदी पर नवविवाहिता की चढी ब’ली ; 15 मई 23 को हुई थी शादी

0 minutes, 4 seconds Read

CHHAPRA DESK – माता-पिता ने सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज और गहना देकर बड़े अरमान से बेटी की शादी की थी. दान-दहेज में सब कुछ दिया लेकिन एक बाइक ही कमी थी, बस! अणु के हाथों की मेहंदी के रंग अभी फीके भी नहीं हुए थे कि नवविवाहिता को दहेज की बेदी पर चढ़ा दिया गया. मामला छपरा शहर के नगर थाना अंतर्गत छोटा तेलपा मोहल्ला का है, जहां स्थानीय निवासी मोहन महतो के पुत्र सुदीश महतो से अणु कुमारी की शादी हुई थी.

15 मई को धूमधाम से शादी हुई थी और दहेज में बाइक नहीं मिलने के कारण ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट करने के बाद गला दबाकर हत्या कर दिया. जिसके बाद ससुराल वाले घर बंद कर फरार हो चुके हैं. वही इस सूचना के बाद अणु के परिवार वाले पानापुर थाना क्षेत्र के सतजोड़ा भगवानपुर निवासी रामाशीष रावत की पत्नी रेखा देवी रोते-पीटते छोटा तेलपा पहुंची.

जहां उसके द्वारा इस घटना की सूचना नगर थाना को दी गई. सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. इस मामले में मृत नवविवाहिता की मां रेखा देवी ने हलचल न्यूज़ को बताया कि अणु के पिता दूसरे प्रदेश में प्राइवेट नौकरी करते हैं. उन लोगों ने हिंदू रीति-रिवाज और दान-दहेज के साथ अपनी 19 वर्षीय पुत्री अणु की शादी नगर थाना क्षेत्र के छोटा तेलपा निवासी सुदीश महतो से विगत 15 मई को धूमधाम से की थी.

शादी के बाद ससुराल वालों के द्वारा दहेज में बाइक की मांग की जा रही थी. जिसको लेकर उसके द्वारा बताया गया कि साल भर में कर्ज चुकाने के बाद अगले साल बाइक भी दे देंगे. लेकिन, उसके ससुराल वाले उसे प्रताड़ित करते रहते थे. जिसको लेकर बीते दिन वह अपनी बेटी को ले जाने के लिए आई थी. वह अपनी बेटी को ले जा रही थी तभी ससुराल वालों ने उनके साथ मारपीट कर उनकी बेटी को पुनः अपने घर ले गये और वह किसी तरह अपने घर चली गई.

जिसके बाद उसकी बेटी ने फोन कर बताया कि उसके साथ मारपीट की जा रही है और रात्रि में उन लोगों ने मारपीट करने के बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी है. समाचार प्रेषण तक इस मामले में प्राथमिकी की प्रक्रिया चल रही थी. वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *