अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देश के 508 रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास का शिलान्यास प्रधानमंत्री मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया

0 minutes, 2 seconds Read

VARANASHI DESK – अमृत भारत स्टेशन योजना के अन्तर्गत भारतीय रेल के 508 स्टेशनों के पुनर्विकास का शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रिमोट का बटन दबाकर किया. प्रधानमंत्री श्री मोदी ने एक ऐतिहासिक पहल के तहत आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देश के कोने-कोने में 508 रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास कार्य की आधारशिला रखी. अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत देश के 1309 महत्‍वपूर्ण स्‍टेशनों का 25000 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास किया जाएगा.

इस अवसर पर उन्‍होंने रेलवे को देश भर में लोगों के परिवहन का पसंदीदा साधन बताते हुए रेलवे स्टेशनों पर विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के महत्व पर जोर दिया. स्टेशन पुनर्विकास के अंतर्गत शहर के दोनों किनारों को समुचित रूप से जोड़ते हुए इन स्टेशनों को ‘सिटी सेंटर’ के रूप में विकसित करने के लिए मास्टर प्लान तैयार किए जा रहे हैं. यह एकीकृत दृष्टिकोण रेलवे स्टेशन के आसपास के क्षेत्र पर केंद्रित शहर के समग्र शहरी विकास के विजन से प्रेरित है.


ये 508 स्टेशन देश के 27 राज्यों और केंद्र-शासित प्रदेशों में स्थित हैं. जिनमें उत्तर प्रदेश में 55, राजस्थान में 55, बिहार में 49, महाराष्ट्र में 44, पश्चिम बंगाल में 37, मध्य प्रदेश में 34, असम में 32, ओडिशा में 25, पंजाब में 22, गुजरात में 21, तेलंगाना में 21, झारखंड में 20, आंध्र प्रदेश में 18, तमिलनाडु में 18, हरियाणा में 15, कर्नाटक में 13 स्टेशन शामिल हैं.
पुनर्विकास कार्य से अच्छी तरह से सुव्यवस्थित यातायात सुविधा, इंटर-मोडल एकीकरण और यात्रियों के मार्गदर्शन के लिए अच्छी तरह से डिजाइन किए गए चिन्हों को सुनिश्चित करने के साथ-साथ यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी. स्टेशन भवनों का डिजाइन स्थानीय संस्कृति, विरासत और वास्तुकला से प्रेरित होगा.


इस अवसर पर बनारस स्टेशन पर आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) आयुष मंत्रालय दयाशंकर मिश्र, विशिष्ट अतिथि विधायक कैन्ट सौरभ श्रीवास्तव, विधायक पिंडरा व अन्य सम्मानित जन प्रतिनिधि, मंडल रेल प्रबंधक विनीत कुमार श्रीवास्तव, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) राजीव रंजन, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त डा अभिषेक एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे.


इस अवसर पर जन सभा को सम्बोधित करते हुए कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं उ प्र के राज्य मंत्री(स्वतंत्र प्रभार) आयुष मंत्रालय श्री मिश्र जी बनारस स्टेशन के प्रथम प्रवेश द्वार पुनर्विकास योजना में शामिल किए जाने एवं योजना का शिलान्यास करने के लिए प्रधानमंत्री एवं रेल मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया.


उन्होंने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना में दीर्घकालिक दृष्टिकोण के साथ स्टेशनों का विकास किया जा रहा है. इसमें स्टेशन फसाड, सर्कुलेटिंग एरिया, वेटिंग हॉल, दिव्यांगजन मित्रवत सुविधायें, प्रसाधन, आवश्यकतानुसार लिफ्ट / एस्केलेटर, चौड़े फुट ओवर ब्रिज, पार्किंग एवं हरित ऊर्जा का उपयोग कर पर्यावरण अनुकूल भवन इत्यादि अत्याधुनिक सुविधाओं में विस्तार हेतु योजना तैयार की गई है और चरणबद्ध तरीके से उनका कार्यान्वयन किया जायेगा.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *