शॉर्ट सर्किट से लगी आग ; अनाज सहित लाखों की संपत्ति खाक

0 minutes, 1 second Read

CHHAPRA DESK –  सारण जिला अंतर्गत अमनौर थाना क्षेत्र के अमनौर कल्याण पंचायत के गंगापुर गांव में बीती देर रात करीब ढाई बजे बिजली के शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने एक मजदूर परिवार को बर्बाद कर दिया। बेढी में लगी आग ने पल भर में फूस के दो घरो को अपनी चपेट में ले लिया। गर्मी और सूखे के कारण आग तेजी से फैल गई. पीड़ितों ने बताया आग की लपटों से नींद टूटने पर घर में सो रहे लोग बाहर भागे और शोर मचाया। ग्रामीण बालू-मिट्टी और बाल्टी से आग बुझाने में जुटे, लेकिन तेज लपटों के आगे सभी कोशिशें नाकाम रहीं. सूचना पर अग्निशमन की गाड़ी पहुंची, तब तक आंखों के सामने लाखों की गृहस्थी जलकर राख हो चुकी थी. पीड़ित गंगा सहनी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है. उन्होंने बताया कि बेढी में रखे 15 बोरा गेहूं के साथ दोनों पलानी घर में रखे 15 बोरा चावल, 2 बोरा धान, एक साइकिल, एक बाइक, नगदी रुपये, जरूरी कागजात, गहने, कपड़े, बर्तन और अन्य सामान जलकर खाक हो गए.

Add

आग की चपेट में आने से पड़ोसी रघुनाथ सहनी और हीराल साह के पक्के मकान को भी नुकसान पहुंचा है. संपत्ति नष्ट होने से पूरा परिवार रो-रोकर बेहाल है. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय जिला पार्षद प्रतिनिधि पप्पू सिंह, मून बच्चा सिंह और समाजसेवी अखिलेश सिंह पीड़ित परिवार के पास पहुंचे। उन्होंने तत्काल नगद राशि और अनाज की सहायता उपलब्ध कराई और प्रशासन से मुआवजे की मांग की. अंचल प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *