सारण के सभी प्रखंडों में एक जुलाई से डिग्री कॉलेज का होगा संचालन

0 minutes, 4 seconds Read

CHHAPRA DESK –  बिहार सरकार के सात निश्चय-3 के तहत सारण के डिग्री कॉलेज विहीन सभी प्रखंडों में 01 जुलाई से डिग्री कॉलेज का संचालन किया जाएगा. जिसको लेकर आज जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बता दें कि वर्तमान में सारण के 11 प्रखंडों में डिग्री कॉलेज संचालित हैं. शेष 9 प्रखंडों में डिग्री कॉलेज के संचालन को लेकर तैयारी तेज कर दी गई है.​ इन सभी 9 प्रखंडों-​तरैया,​ मकेर,​एकमा,दरियापुर,​मढ़ौरा,मशरक,​लहलादपुर,​ पानापुर एवं ​इसुआपुर में शैक्षणिक सत्र को समय पर शुरू करने के लिए तात्कालिक व्यवस्था की गई है. तात्कालिक व्यवस्था के तहत चिन्हित विद्यालय भवनों में पठन-पाठन शुरू किया जाएगा. जिसके लिए बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया है. वहीं स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन (LAEO) और भवन निर्माण विभाग को 2 दिनों में प्राक्कलन (Estimate) तैयार करने तथा 20 जून तक सभी कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया गया. पठन-पाठन को ले ​बुनियादी सुविधाओं के लिए भवनों की आवश्यकतानुसार मरम्मत, रंग-रोगन, छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग शौचालय, शुद्ध पेयजल और आवश्यकतानुसार बिजली वायरिंग की व्यवस्था तुरंत सुनिश्चित किए जाने का निर्देश दिया गया है.

उन्होंने स्पष्ट हिदायत दी है कि 20 जून 2026 तक बुनियादी ढांचे से जुड़े सभी आवश्यक कार्य अनिवार्य रूप से पूर्ण हो जाने चाहिए. इस पूरे अभियान की सफलता के लिए संबंधित सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) और प्रखंडों के वरीय प्रभारी अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे कार्यों की प्रतिदिन मॉनिटरिंग करेंगे और प्रगति रिपोर्ट सुनिश्चित करेंगे. बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, निदेशक एनईपी सहित संबंधित प्रखंडों के वरीय प्रभारी अधिकारी, कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल, कार्यपालक अभियंता LAEO भौतिक रूप से उपस्थित थे. इसके साथ ही, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचलाधिकारी भी बैठक से सीधे जुड़े रहे.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *