सारण जिले के 13 प्रखंडों में नए प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवन निर्माण कार्य की जिलाधिकारी ने की समीक्षा

0 minutes, 2 seconds Read

CHHAPRA DESK –  सारण जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव द्वारा आज जिले के 13 प्रखंडों में निर्माणाधीन नए प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवनों के निर्माण कार्य की प्रखंडवार समीक्षा की गई. बैठक में भवन निर्माण विभाग द्वारा संचालित कार्यों की अद्यतन स्थिति की विस्तार से समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया.  समीक्षा के दौरान बताया गया कि परसा, दिघवारा, मशरक, मढ़ौरा, एकमा, बनियापुर, मांझी एवं तरैया प्रखंडों में निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है तथा विभिन्न चरणों में प्रगति पर है. सोनपुर प्रखंड में आगामी एक-दो दिनों में निर्माण कार्य प्रारंभ होने की संभावना है. वहीं दरियापुर में ले-आउट का कार्य किया जा रहा है तथा अमनौर में भी शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा. जिलाधिकारी ने समीक्षा के दौरान गरखा एवं जलालपुर प्रखंडों में शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ कराने का निर्देश दिया.

Add

उन्होंने भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता को अतिरिक्त संसाधनों की व्यवस्था कर कार्य में तेजी लाने का निर्देश देते हुए कहा कि निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित किया जाए. बैठक में बताया गया कि सभी नए प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवनों में समर्पित ट्रांसफार्मर, सोलर पैनल, जनरेटर एवं लिफ्ट की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी ताकि कार्यालय संचालन आधुनिक एवं निर्बाध रूप से किया जा सके.  जिलाधिकारी ने विशेष रूप से जलालपुर, गरखा एवं अन्य संबंधित अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया कि उपलब्ध भूमि का सुनियोजित एवं व्यवहारिक ले-आउट तैयार किया जाए, ताकि भविष्य में विस्तार एवं अन्य सरकारी उपयोग के लिए पर्याप्त भूमि सुरक्षित रह सके.

जिलाधिकारी ने जिला सूचनाविज्ञान पदाधिकारी एवं आईटी मैनेजर को दो प्रखंडों का भ्रमण कर सभी आवश्यक LAN पोर्ट एवं आईटी अवसंरचना की आवश्यकता का आकलन कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया ताकि सभी जगहों पर इसका प्रावधान किया जा सके. बैठक में उप विकास आयुक्त, कार्यपालक अभियंता भवन निर्माण विभाग, विकास शाखा प्रभारी, भवन निर्माण विभाग के सभी सहायक अभियंता उपस्थित थे। वहीं सभी संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े रहे.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *