फिर निजी नर्सिंग होम में उपचार के दौरान एक युवक की मौत ; मामला दर्ज

0 minutes, 4 seconds Read

CHHAPRA DESK –  सारण जिला में निजी नर्सिंग होम में उपचार के दौरान मौत की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है. आज ताजा मामला जिले के बनियापुर थाना क्षेत्र से सामने आई है जहां स्थानीय निवासी एक युवक की निजी क्लिनिक में इलाज के दौरान मौत हो गई. जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया. मृतक की पहचान बिपिन सिंह के 28 वर्षीय पुत्र पिम्पल कुमार सिंह के रूप में की गई है. बताया जाता है कि युवक दो दिन पूर्व माथे पर लगी चोट का इलाज कराने बनियापुर स्थित एक निजी क्लिनिक में गया था. इलाज के दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने लगी. स्थिति गंभीर होते देख क्लिनिक कर्मियों द्वारा आनन-फानन में उसे बनियापुर रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई.

वहीं परिजनों ने निजी क्लिनिक के चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि गलत इलाज और उचित देखभाल नहीं होने के कारण युवक की जान चली गई है. घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ अस्पताल परिसर में जुट गई. सूचना पर पहुंची बनियापुर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर संबंधित निजी क्लिनिक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. इस मामले में पूछे जाने पर बनियापुर थाना अध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है. परिजनों का आरोप है कि निजी क्लीनिक में लापरवाही से उपचार के दौरान पिम्पल की मौत हुई है.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *