जिलाधिकारी ने जिला सामान्य शाखा का औचक निरीक्षण कर दिए कड़े निर्देश ; प्रधान लिपि से मांगा गया स्पष्टीकरण

0 minutes, 3 seconds Read

CHHAPRA DESK –   सारण जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव द्वारा आज जिला सामान्य शाखा का विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यालय की कार्यप्रणाली, साफ-सफाई, फाइलों के रख-रखाव और जन-सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया. लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए उन्होंने जवाबदेही तय करने और स्पष्टीकरण पूछने का निर्देश दिया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय के सुदृढ़ीकरण, साफ-सफाई एवं अभिलेखों का रख-रखाव, सामान्य शाखा के एक कमरे में सीलिंग (छत) की तत्काल मरम्मती कराने तथा वर्षा के पानी से बचाव के लिए रोशनदान में शीशा लगाने का निर्देश दिया. वहीं कार्यालय में रखी पुरानी और जीर्ण-शीर्ण आलमारियों को तत्काल हटाने तथा जो आलमारियां मरम्मत योग्य हैं, उन्हें ठीक कराने को कहा गया तथा पुराने एवं आवश्यक दस्तावेजों व संचिकाओं (फाइलों) को व्यवस्थित और सुरक्षित रखने के लिए आवश्यकतानुसार नए स्टील के ट्रंक खरीदने का निर्देश दिया गया.

Add

साथ ही, अनुपयोगी व बेकार कागजों को नियमानुसार विनष्ट (Dispose) करने को कहा गया. वहीं ​आम लोगों की सुविधा के लिए जिलाधिकारी ने कार्यालय के प्रवेश द्वार के पास एक हेल्प डेस्क बनाने का निर्देश दिया. आगत और निर्गत का कार्य करने वाले कर्मी अनिवार्य रूप से इस हेल्प डेस्क पर बैठेंगे और कार्यालय में आने वाले नागरिकों को आवश्यक जानकारी व मार्गदर्शन देना सुनिश्चित करेंगे. ​जिलाधिकारी ने विभिन्न लिपिकों के बीच कार्य आवंटन आदेश, इंडेक्स रजिस्टर, आगत/निर्गत पंजी और लिपिकों की लॉगबुक की जांच की. सभी लिपिकों को अपनी लॉगबुक में मासिक क्लोजर रिपोर्ट अनिवार्य रूप से दर्ज करने का निर्देश दिया गया.


​आगत/निर्गत पंजी का संधारण पूरी तरह से सही और अद्यतन रखने को कहा गया. उन्होंने कहा कि सभी महत्वपूर्ण पत्रों को ससमय फाइलों में प्रस्तुत किया जाए. फाइलों को बढ़ाने में किसी भी प्रकार का अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. ऐसा होने पर जवाबदेही तय करते हुए संबंधित कर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. वहीं जेपी सेनानी पेंशन से संबंधित फाइलों और अभिलेखों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्राप्त सभी आवेदनों को उनकी वर्तमान स्थिति (Current Status) के साथ एक जगह सूचीबद्ध किया जाए. ​सामान्य शाखा की प्रभारी को स्वयं इन सभी अभिलेखों की विस्तृत जांच करने को कहा गया. ​चरित्र सत्यापन से जुड़ी लंबित फाइलों को देखते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि संबंधित थानों को समय पर स्मार पत्र भेजा जाए. ​

थाना स्तर पर लंबित मामलों की मासिक रिपोर्ट तैयार कर प्रति माह वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) के संज्ञान में लाने का निर्देश दिया गया ताकि प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके. वही ​मानवाधिकार से जुड़े मामलों की फाइलों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों/अधिकारियों से ससमय अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए समय पर रिमाइंडर भेजने का निर्देश दिया. चौकीदारों के विरुद्ध चल रही अनुशासनिक कार्रवाई के लंबित मामलों की कुछ फाइलों का रैंडम अवलोकन करने पर जिलाधिकारी ने अत्यधिक और अनावश्यक विलंब पाया. इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए उन्होंने संबंधित लिपिक एवं प्रधान लिपिक से स्पष्टीकरण पूछा. अपर समाहर्त्ता,जो सामान्य शाखा के वरीय प्रभारी हैं, को निर्देश दिया गया कि वे सभी लंबित मामलों की स्वयं गहन समीक्षा करें. इसके अतिरिक्त, चौकीदारों के सेवांत लाभ से संबंधित पंजी को अद्यतन रखने का निर्देश दिया गया. निरीक्षण के दौरान सामान्य शाखा की प्रभारी वरीय उप समाहर्ता ज़ेबा अर्शी एवं शस्त्र शाखा के प्रभारी जावेद एक़बाल मुख्य रूप से उपस्थित थे.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *