इस वर्ष से छपरा मेडिकल कॉलेज में होगा नामांकन ; धूमधाम से मनाया गया छपरा राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल का प्रथम स्थापना दिवस समारोह

0 minutes, 2 seconds Read

CHHAPRA DESK- छपरा राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल का प्रथम स्थापना दिवस समारोह आज धूमधाम से मेडिकल कॉलेज में मनाया गया. आज के ही दिन 8 जनवरी को इस मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन सूबे के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के द्वारा स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे की उपस्थिति में की गई थी. एक वर्ष बीतने के बाद अब इस कॉलेज में मेडिकल की पढ़ाई का रास्ता प्रशस्त होता नजर आ रहा है. आज स्थापना दिवस के अवसर पर सारण प्रमंडलीय आयुक्त मनीष कुमार, जिलाधिकारी वैभव कुमार श्रीवास्तव, जयप्रकाश विश्वविद्यालय के वीसी परमेंदर वाजपेई, स्वास्थ्य विभाग के क्षेत्रीय अपर निदेशक डॉक्टर सागर दुलाल सिन्हा, सिविल सर्जन डॉक्टर राजकुमार चौधरी,

मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य सह अधीक्षक डॉक्टर सीपी जायसवाल एवं छपरा इंजीनियरिंग कॉलेज के प्राचार्य विवेक कुमार के द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया. उद्घाटन से पूर्व सभी पदाधिकारी के आगमन पर मेडिकल कॉलेज के शैक्षणिक भवन परिसर में पुष्प वर्षा एवं गुलदस्ता देकर उनका स्वागत किया गया. जिसके उपरांत सभी पदाधिकारी ने मेडिकल कॉलेज में उपलब्ध सुविधाओं एवं विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया. तदोपरांत सभी पदाधिकारियों ने छपरा मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य को इसकी सुविधाओं को बेहतर करने की बात कही.

वहीं मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य श्री जायसवाल ने बताया कि इस वर्ष से मेडिकल कॉलेज में नामांकन प्रारंभ हो जाएगा और शैक्षणिक गतिविधियां शुरू हो जाएंगी. जो कि मेडिकल कॉलेज के लिए अत्यंत आवश्यक है. फिलहाल मेडिकल कॉलेज में प्रतिदिन करीब 150 मरीजों का उपचार किया जा रहा है. स्वागत वंदन से शुरू यह कार्यक्रम उद्घाटन उपरांत सांस्कृतिक संध्या में बदल गया और पारामेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग संस्कृति कार्यक्रम का आयोजन किया. मंच का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों के द्वारा किया गया.

 

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *