गंडक दियारा में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई ; तीन भट्ठियां ध्वस्त, 6 हजार लीटर अर्धनिर्मित शराब नष्ट

0 minutes, 1 second Read

SARAN / GOPALGANJ DESK – सारण और गोपालगंज के सीमावर्ती गंडक नदी के दियारा क्षेत्रों में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस ने एक बड़ी और सुनियोजित कार्रवाई करते हुए तस्करों को करारा झटका दिया है. सारण के वरीय एसपी विनीत कुमार एवं गोपालगंज के एसपी विनय तिवारी के निर्देश पर पानापुर थाना और बैकुंठपुर थाना की पुलिस ने संयुक्त रूप से सघन छापेमारी अभियान चलाया।पानापुर थानाध्यक्ष राजा कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि गंडक नदी के दियारा क्षेत्रों में लंबे समय से अवैध शराब निर्माण और तस्करी की सूचनाएं मिल रही थीं. इसी के आधार पर दोनों जिलों की पुलिस ने रणनीति बनाकर संयुक्त अभियान चलाने का निर्णय लिया. अभियान के तहत पुलिस टीम नाव के सहारे नदी पार कर दुर्गम दियारा क्षेत्रों में पहुंची और कई संदिग्ध ठिकानों की घेराबंदी कर एक साथ छापेमारी की. छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके पर संचालित तीन अवैध शराब भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया.

Add

इसके अलावा करीब 6 हजार लीटर अर्धनिर्मित शराब को नष्ट किया गया. साथ ही शराब निर्माण में प्रयुक्त ड्रम, बर्तन, पाइप सहित अन्य उपकरणों को भी मौके पर ही विनष्ट कर दिया गया, ताकि दोबारा इस अवैध धंधे को संचालित न किया जा सके.कार्रवाई के दौरान पुलिस बल पूरी तरह सतर्क और मुस्तै. रहा।दियारा क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए अभियान को अत्यंत सावधानी और समन्वय के साथ अंजाम दिया गया. हालांकि, छापेमारी की भनक लगते ही अवैध कारोबार में संलिप्त कई लोग मौके से फरार होने में सफल रहे, जिनकी पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं.

इस संयुक्त कार्रवाई से गंडक नदी के किनारे बसे दियारा क्षेत्रों में अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है. स्थानीय स्तर पर भी इस कार्रवाई को लेकर चर्चा का माहौल है और आम लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की है. थानाध्यक्ष ने बताया कि बिहार में लागू पूर्ण शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे. साथ ही, अवैध शराब निर्माण और तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे इस तरह की अवैध गतिविधियों की सूचना प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *