बस पलटने से घायल दूसरे व्यक्ति की भी हुई मौत ; शव यात्रा में मरने वालों की संख्या हुई दो

0 minutes, 3 seconds Read

 

CHHAPRA DESK –  सारण जिला के खैरा थाना क्षेत्र अंतर्गत छपरा-मढ़ौरा मुख्य पथ पर बीती देर रात्रि शव यात्रा में शामिल अनियंत्रित बस के पलटने से घायल एक अन्य व्यक्ति की भी मौत हो गई है. इस प्रकार उस बस दुर्घटना में दो व्यक्ति की मौत हो चुकी है. जबकि, कई लोग जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं. मृतकों में मढौरा थाना क्षेत्र के लेरुआ गांव निवासी स्वर्गीय सूर्य सिंह के 80 वर्षीय पुत्र शिवाजी सिंह एवं स्वर्गीय नागेंद्र सिंह के 52 वर्षीय पुत्र अनिल कुमार सिंह शामिल है. बताते चले कि शिवजी सिंह की मौत जहां स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र से सदर अस्पताल रेफर किए जाने के दौरान रास्ते में हुई थी, वहीं अनिल कुमार सिंह की मौत पीएमसीएच रेफर किए जाने के बाद पटना में हुई.

दोनों ही शवों का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद परिवार वालों को सौंपा गया है. इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम छाया हुआ है. वही दो दिनों में गांव से तीन अर्थियां निकली हैं जिससे गांव का माहौल गमगीन है. वहीं दर्जनभर लोग गंभीर रूप से घायल है, जिनका उपचार चल रहा है. बताते चलें कि बीती रात्रि मढ़ौरा थाना क्षेत्र के लेरुआ गांव से एक बस शव लेकर सेमरिया घाट के लिए निकली थी. रास्ते में खैरा थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर कला के पास तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे बस सड़क पर पलट गई.

इस हादसे के बाद बस में सवार लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सूचना मिलते ही खैरा थाना पुलिस की डायल 112 टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगरा पहुंचाया गया. अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया. गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *