डिजिटल अरेस्ट कर 45.86 लाख ठगी मामले में दो साइबर अपराधियों को यूपी से किया गया गिरफ्तार ; चार अपराधी भेजे जा चुके हैं जेल

0 minutes, 4 seconds Read

 

CHHAPRA DESK –  सारण जिले में भी डिजिटल अरेस्ट के लगातार मामले सामने आ रहे हैं. क्राइम ब्रांच का अधिकारी बनकर वीडियो कॉल के माध्यम से एक व्यवसायी से 45.86 लाख रुपए ठगी के मामले में पुलिस ने दो साइबर अपराधियों को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है. प्रेस वार्ता के दौरान इस बात की जानकारी देते हुए साइबर डीएसपी सह थाना अध्यक्ष अमन ने बताया कि साइबर थाना को सूचना प्राप्त हुई थी कि बीते दिनों मशरक थाना क्षेत्र के नेहरू टोला निवासी सोना लाल प्रसाद के पुत्र विकाश कुमार को डिजिटल अरेस्ट कर उनके खाते से 45.86 लाख की ठगी कर ली गई है. पीड़ित के द्वारा लिखित आवेदन देकर उनके द्वारा बताया गया कि उनके मोबाइल नं० पर इन्वेस्टीगेशन के नाम पर विडियो कॉल आया.

कॉलर ने खुद को क्राइम ब्रांच का ऑफिसर बताया और वादी से एक सुप्रीम कोर्ट का एफिडेविट जैसा आवेदन पर ऑनलाइन सिग्नेचर करवाया. फिर जांच के नाम पर उनके खाते से कुल 45 लाख 86 हजार रू० का धोखाधड़ी कर निकासी कर लिया गया. इस संबंध में सारण साइबर थाना कांड सं0-344/24 दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया. तकनीकी अनुसंधान के क्रम में प्राप्त आसूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई कर पुन: यूपी के गाजियाबाद से दो साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी की गई है. जबकि इससे पूर्व गाजियाबाद से तीन एवं पश्चिम बंगाल से एक अपराधी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है.

इस प्रकार उक्त मामले में कुल आधा दर्जन अपराधियों को गिरफ्तार का जेल भेजा जा चुका है.गिरफ्तार किए गए अपराधियों में उत्तर प्रदेश के मऊ जिला अंतर्गत मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के वालीदपुर गांव निवासी रणजीत बरनवाल के पुत्र निखिल बरनवाल एवं भगनू सोनकार के पुत्र गोलू सोनकार की गिरफ्तारी की गई है. जिनके पास से दो मोबाइल जब्त कर जांच किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि जिस खाते में वादी के 15 लाख 66 हजार रुपए का अवैध ट्रांसफर हुआ था उस संबंध में भी पूर्व में 03 अभियुक्तों को गाजियाबाद से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है.

पुनः इसी क्रम में दूसरे बैंक खाता जिसमें 15 लाख रुपए का अवैध ट्रांसफर हुआ था, उस बंधन बैंक के खाताधारक पश्चिम बंगाल के 24 परगना बैरकपुर के बेहाला थाना क्षेत्र निवासी राजकुमार सिंह के पुत्र रितिक कुमार सिंह को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था. इस कांड में संलिप्त अन्य अभियुक्तों के विरुद्ध अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है. छापामारी टीम में अमन, पुलिस उपाधीक्षक-सह-थानाध्यक्ष साइबर थाना, पु०नि० अश्विनी कुमार तिवारी, पु०अ०नि० नीरज कुमार यादव, सि०/742 आयुष कुमार एवं सि०/516 लल्टू कुमार शामिल रहे.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *