चिमनी पर काम के दौरान घायल ट्रैक्टर चालक की मौत के बाद परिजनों ने ईंट भट्ठा मालिक पर लगाया लापरवाही का आरोप ; प्राथमिकी के बाद जांच में जुटी पुलिस

0 minutes, 1 second Read

SIWAN DESK –  सिवान के दरौली थाना क्षेत्र अंतर्गत कसियारी गांव स्थित ईट भट्ठा पर ट्रैक्टर चालक के रूप में काम करने वाले एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई. मृतक की पहचान सिवान जिला के ही रघुनाथपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत फुलवरिया गांव निवासी 55 वर्षीय कपिलदेव पंडित के रूप में हुई है. प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक बाबूनन्द चौधरी के चिमनी पर ट्रैक्टर ड्राइवर के रूप में काम करता था. बताया जाता है कि शनिवार को काम के दौरान एक हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया था. घटना के बाद चिमनी मालिक द्वारा परिजनों को बिना सूचना दिए उसे इलाज के लिए किसी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था.

Add

परिजनों का आरोप है कि चिमनी मालिक ने ना तो घटना की जानकारी दी और ना ही समुचित इलाज की व्यवस्था कराई. हालत में कोई सुधार न होते देख सोमवार देर रात चिमनी मालिक घायल कपिलदेव को उनके घर के बाहर छोड़कर फरार हो गया. जिसके बाद परिजन आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए गोरखपुर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. जिसके बाद परिवार वालों ने चिमनी मालिक पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि समय रहते अगर उन्हें सूचना दी जाती और बेहतर इलाज कराया जाता, तो उनकी जान बच सकती थी.

परिजनों की ओर से दर्ज कराए गए आवेदन के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. इस मामले में सदर-2 एसडीपीओ गौरी कुमारी ने जानकारी देते हुए बताया कि मामले की सूचना मिलते ही दरौली थाना पुलिस को घटनास्थल पर भेजा गया. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिवार वालों को सौंप दिया गया है. परिजनों के लिखित आवेदन पर चिमनी मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले में विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *