छपरा मेडिकल कॉलेज कैंपस में मारपीट के बाद पहुंची पुलिस ; निर्माण कार्य में लगे कर्मियों ने बाइक को किया पूरी तरह क्षतिग्रस्त

0 minutes, 5 seconds Read

CHHAPRA DESK –  छपरा मेडिकल कॉलेज कैंपस में जमकर मारपीट के बाद एक बाइक को क्षतिग्रस्त कर दिया गया है. सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है. वहीं, यह मामला मुफस्सिल थाना में पहुंच चुका है. इस मामले में मेडिकल कॉलेज निर्माण में लगे एक कर्मी के द्वारा प्राथमिकी के लिए मुफस्सिल थाना को आवेदन भी दिया गया है, जिस पर पुलिस जांच कर रही है. जख्मी कर्मी मेडिकल कॉलेज निर्माण कंपनी बीएमआईसीएल के तहत मेडिकल कॉलेज कैंपस में काम करता है. घटना बीती देर रात्रि की बतलाई गई है.

Add

इस संबंध में पीड़ित कर्मी सारण जिला के तरैया थाना अंतर्गत सगुनी गांव निवासी राजेश सिंह के पुत्र अंकित कुमार के द्वारा मुफस्सिल थाना को दिए गए आवेदन में बताया गया है कि वह बीएमआईसीएल कंपनी के तहत छपरा मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य में काम करता है. शुक्रवार की देर रात्रि करीब 11:00 बजे वह अपने कैंपस स्थित अपने कमरे में सोया था. उसी बीच एक अन्य कर्मी हितेश कुमार नशे में आया और उसके साथ गाली-गलौज करने लगा. जिसके बाद उसने उसे कमरे से भगा दिया तो वह अन्य कर्मी योगेंद्र श्रीवास्तव, शहजाद अंसारी, अशोक मंडल व अन्य को साथ लेकर आया और जोर-जोर से दरवाजा पीटने के बाद तोड़ने लगा.

तब जाकर उसने दरवाजा खोला तो वे लोग उसके साथ मारपीट करने लगे. बचने- बचाने के बाद उसके द्वारा 112 डायल पुलिस को सूचना दी गई और मौके पर पहुंची पुलिस उन लोगों को समझाने-बुझाने के बाद साथ लेकर मुफस्सिल थाना पहुंची तब मामला सुलह हो गया. जिसके बाद वह आज सुबह जब मेडिकल कॉलेज कैंपस स्थित अपने कमरे पर पहुंचा तो देखा कि कैंपस में खड़ी उसकी बाइक को पूरी तरह तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया गया है. जिसको लेकर उसने उक्त लोगों को आरोपित करते हुए क्षतिपूर्ति के लिए उनके खिलाफ प्राथमिकी को लेकर आवेदन दिया है. जिस पर पुलिस फिलहाल जांच कर रही है.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *