छपरा के झोलाछाप डॉक्टर ने बैरिया में कराया प्रसव ; मौत के बाद हुआ फरार तो यूपी पुलिस गिरफ्तारी के लिए पहुंची छपरा

0 minutes, 1 second Read

 

CHHAPRA DESK –  उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के बैरिया थाना की पुलिस ने बीती रात शहर के भगवान बाजार थाना क्षेत्र स्थित नई बाजार मोहल्ले में छापेमारी की. पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर देर रात तक इलाके में काफी चर्चा होती रही. वहीं इस संबंध में बैरिया थाना के एसएचओ राजेंद्र सिंह ने बताया कि बीते 27 फरवरी को बैरिया कस्बा स्थित एक फर्जी निजी क्लीनिक में प्रसव के दौरान एक महिला की मौत हो गई थी. मृत महिला की पहचान बैरिया थाना क्षेत्र के गोनिया छपरा गांव निवासी सुमन देवी के रूप में की गई है. परिजनों के अनुसार प्रसव के लिए महिला को एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी हालत बिगड़ गई और बाद में उसकी मौत हो गई.

मामले की जांच के दौरान यह बात सामने आई कि प्रसव के दौरान एक झोलाछाप डॉक्टर द्वारा ऑपरेशन किया गया था. उक्त डॉक्टर की पहचान अरविंद कुमार सिंह के रूप में हुई है. घटना के बाद से ही वह फरार बताया जा रहा है. पुलिस ने इस मामले में तकनीकी साक्ष्य और सर्विलांस की मदद से डॉक्टर के संभावित ठिकानों की तलाश शुरू कर दी है. इसी क्रम में पुलिस टीम बीती रात छपरा के भगवान बाजार थाना क्षेत्र स्थित नई बाजार मोहल्ले में पहुंची, जहां डॉक्टर अरविंद कुमार सिंह का किराया का आवास बताया जाता है.

हालांकि छापेमारी के दौरान वह पुलिस के हाथ नहीं लग सका. स्थानीय लोगों ने बताया कि डॉक्टर अरविंद कुमार सिंह नई बाजार मोहल्ले में रहते हैं, जबकि उनकी पत्नी छपरा सदर अस्पताल में नर्स के पद पर कार्यरत हैं. देर रात अचानक दूसरे राज्य की पुलिस के पहुंचने से मोहल्ले में लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं. बैरिया पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपित डॉक्टर की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *