सीएचसी में कुव्यवस्था पर हंगामा ; जांच करने पहुंचे 20 सूत्री अध्यक्ष से बदसलूकी

0 minutes, 2 seconds Read

CHHAPRA DESK –  सारण जिला के मशरक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली को लेकर आज उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब प्रखंड कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति (20 सूत्री) के अध्यक्ष सह भाजपा मंडल अध्यक्ष दुर्गेश कुमार गुप्ता औचक निरीक्षण के लिए अस्पताल पहुंचे. निरीक्षण के दौरान अस्पताल प्रबंधन और 20 सूत्री अध्यक्ष के बीच तीखी नोकझोंक के साथ धक्का-मुक्की की घटना भी सामने आई. जानकारी के अनुसार क्षेत्र के लोगों द्वारा लगातार शिकायत की जा रही थी कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कुत्ते के काटने पर लगने वाला एंटी-रेबीज टीका मरीजों को उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है. शिकायत के आधार पर 20 सूत्री अध्यक्ष दुर्गेश कुमार गुप्ता अस्पताल पहुंचे और प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अनंत नारायण कश्यप से टीके की उपलब्धता तथा मरीजों को दिए जाने का विवरण रजिस्टर में दिखाने को कहा.

Add

बताया जाता है कि रजिस्टर की जांच के दौरान अस्पताल के प्रभारी डॉ. अनंत नारायण कश्यप और स्वास्थ्य प्रबंधक अमित कुमार ने रजिस्टर वापस लेने का प्रयास किया और निरीक्षण पर आपत्ति जताई. इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया. आरोप है कि इसी दौरान धक्का-मुक्की की स्थिति भी उत्पन्न हो गई. जांच के क्रम में रजिस्टर में कई जगह काट-छांट तथा तिथियों में गड़बड़ी पाए जाने की बात सामने आई. कुछ प्रविष्टियों में तारीख दर्ज नहीं होने का भी आरोप लगाया गया है. इसे लेकर 20 सूत्री अध्यक्ष ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर सवाल उठाए.

दुर्गेश कुमार गुप्ता ने कहा कि स्वास्थ्य प्रबंधक अमित कुमार का व्यवहार मरीजों के प्रति ठीक नहीं है और अस्पताल की व्यवस्था काफी खराब है. उन्होंने कहा कि पूरे मामले की रिपोर्ट वरीय अधिकारियों को भेजी जाएगी, ताकि आवश्यक कार्रवाई हो सके. वहीं इस मामले में अस्पताल प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दवाओं और टीकों की कमी अक्सर बनी रहती है, जिससे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता है.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *