भूमि विवाद में घर पर पेट्रोल बम से हमला, व्यवसायी गंभीर ; आरोप के बाद फेसबुकिया रिपोर्टर को पुलिस ने लिया हिरासत में

0 minutes, 3 seconds Read

CHHAPRA DESK –  छपरा शहर से सुबह की एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आती है, जहां एक घर के ऊपर पेट्रोल बम से हमला किया गया है. खास बात यह है कि इस हमले का सीधा आरोप एक फेसबुकिया रिपोर्टर पर लगा है. जिसे पुलिस ने हिरासत में ले रखा है और पूछताछ जारी है. वहीं इस हमले में एक कपड़ा व्यवसायी गंभीर रूप से घायल है, जिनका उपचार सदर अस्पताल में चल रहा है. पेट्रोल बम फटने से जख्मी व्यवसायी शहर के नगर थाना अंतर्गत मौना चौक मोहल्ला निवासी स्वर्गीय गोपाल प्रसाद गुप्ता के 65 वर्षीय पुत्र दिवाकर प्रसाद गुप्ता बताए गए हैं. घटना आज अल सुबह 3:00 बजे की बताई गई है, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. जिस पर पुलिस जांच कर रही है. पूरा मामला भूमि विवाद का बताया जा रहा है.

 

जख्मी ने फेसबुकिया रिपोर्टर पर लगाया आरोप, कहा रची गई थी हत्या की साजिश

सदर अस्पताल में उपचाररत जख्मी दिवाकर गुप्ता ने बताया कि उनका अपने भाई राजेंद्र गुप्ता से पूर्व से भूमि विवाद चल रहा है. जिनका सारा मामला उनका केयरटेकर फेसबुकिया रिपोर्टर जितेंद्र तिवारी देखता है. उसके द्वारा इससे पहले भी उनके परिवार को डराया धमकाया गया है और उसी के इशारे पर प्लानिंग के तहत उनके घर में आग लगाने और उनकी हत्या की साजिश रची गई थी. क्योंकि उनके जागने के बाद दरवाजे के बाहर एक धारदार हथियार भी बरामद किया गया है, जिसे पुलिस ने जब्त किया है. घर में धुआं भरने लगा तो वह बाहर निकलना चाह रहे थे तो उनके ऊपर पेट्रोल बम से हमला किया गया है. वही घटनास्थल से ट्यूब में भरा गया पेट्रोल और एसी में भरने वाला ज्वलनशील गैस भी गैलन में बरामद किया गया है.

 

जांच के क्रम में मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी फेसबुकिया रिपोर्टर को लिया हिरासत में, पूछताछ जारी

इस घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना अध्यक्ष संजीव कुमार दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना करने के बाद आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला. उसी क्रम में उनके द्वारा आरोपी फेसबुकिया रिपोर्टर को हिरासत में लिया गया है, जिससे पूछताछ जारी है. समाचार प्रेषण तक इस मामले में प्राथमिकी की प्रक्रिया जारी थी. इस मामले में जख्मी दिवाकर गुप्ता के द्वारा नगर थाना को दिए गए आवेदन में इस हमले का सीधा आरोप उस फेसबुकिया रिपोर्टर पर लगाया है.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *