20 साल पुराना रिश्ता बना विवाद की वजह, पहली पत्नी बच्चों संग पहुंची छपरा, जेल गेट के पास हंगामा

0 minutes, 2 seconds Read

CHHAPRA DESK –  छपरा शहर के भगवान बाजार थाना क्षेत्र स्थित मंडल कारा के मुख्य द्वार के समीप उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक महिला अपने चार बेटियों और एक बेटे के साथ पहुंचकर पति पर दूसरी शादी करने का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगी. देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. प्राप्त जानकारी के अनुसार, भगवान बाजार थाना क्षेत्र के एसडीएस कॉलेज, रतनपुर मोहल्ला निवासी उपेंद्र मांझी की शादी करीब 20 वर्ष पूर्व सोनपुर के रजिस्ट्री बाजार निवासी रूपा देवी से हुई थी. शादी के बाद दोनों पंजाब में रहकर जीवन-यापन करते थे. आरोप है कि कुछ वर्ष पूर्व उपेंद्र मांझी छपरा लौट आया और यहां आने के बाद दूसरी शादी कर ली. वर्तमान में वह मंडल कारा के समीप दुकान लगाकर जीविकोपार्जन करता है.

Add

इधर, रूपा देवी अपने चार बेटियों और एक बेटे के साथ छपरा पहुंचीं और पति से मिलने के दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया. देखते ही देखते कहासुनी बढ़कर हाथापाई और गाली-गलौज तक पहुंच गई. सड़क किनारे हुए इस हंगामे को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए. महिला का आरोप है कि पति ने बिना जानकारी दिए दूसरी शादी कर ली और लंबे समय से परिवार की जिम्मेदारी नहीं निभा रहा है. वहीं, विवाद के दौरान दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाते रहे. घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने मामले को शांत कराने का प्रयास किया. फिलहाल पारिवारिक विवाद को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है. हालांकि इस मामले में किसी पक्ष द्वारा कोई शिकायत पुलिस से नहीं की गई है.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *