अपर पुलिस महानिदेशक अमित कुमार जैन ने की समीक्षात्मक बैठक, अपराध नियंत्रण व विधि व्यवस्था पर दिए महत्वपूर्ण निर्देश

0 minutes, 0 seconds Read

CHHAPRA DESK –  सारण जिले में अपराध नियंत्रण, विधि व्यवस्था, लंबित मामलों के निष्पादन तथा पुलिसिंग की गुणवत्ता को लेकर आज अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) अमित कुमार जैन ने समाहरणालय सभागार में समीक्षात्मक बैठक कर विस्तारपूर्वक समीक्षा की. बैठक में सारण रेंज के डीआईजी नीलेश कुमार, एसएसपी डॉ कुमार आशीष, ग्रामीण एसपी शिखर चौधरी एएसपी राज किशोर सिंह समेत जिले के सभी थानाध्यक्ष व पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे. बैठक के दौरान एडीजी ने जिले में हाल के दिनों में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि अपराध नियंत्रण में कोई लापरवाही न बरती जाए. उन्होंने कहा कि थाना स्तर पर गश्ती व्यवस्था को मजबूत किया जाए और विशेषकर रात्रि गश्ती को प्रभावी बनाया जाए.

लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश

उन्होंने ने निर्देशित किया कि चुनाव क़ो लेकर अपराधीयों पर नज़र रखी जाये. सभी लंबित कांडों की प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निष्पादन किया जाए, विशेष रूप से हत्या, लूट, अपहरण, महिला उत्पीड़न व साइबर क्राइम जैसे गंभीर मामलों में जल्द कार्रवाई हो. उन्होंने पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि अपराधियों की गिरफ्तारी में कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि वांछित व वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जाए.

थानों की कार्यप्रणाली की समीक्षा

बैठक में थानों की कार्यप्रणाली, केस डायरी की स्थिति, जनता से संवाद, महिला सुरक्षा, साइबर सेल की दक्षता तथा पुलिस की छवि सुधारने के उपायों पर भी गहन चर्चा की गई. उन्होंने थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार रखें और पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने की दिशा में कार्य करें.

महिला अपराध और साइबर क्राइम पर विशेष ध्यान

एडीजी जैन ने महिला संबंधित अपराधों व कमजोर वर्ग पर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया.उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और ऐसे मामलों में पुलिस की तत्परता जनता का विश्वास बढ़ाएगी. साथ ही, साइबर अपराध के मामलों में तेजी से कार्रवाई करते हुए आम लोगों को जागरूक करने की बात कही.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *