अलग-अलग क्षेत्रों में हुए हादसों में दो व्यक्ति की गई जान ; लगा रोना-धोना

0 minutes, 1 second Read

CHHAPRA DESK –   सारण जिला के अलग-अलग क्षेत्रों में हुए हादसे में दो व्यक्ति की मौत हुई है. युवक की मौत जहां सड़क दुर्घटना में हुई है वहीं अधेड़ की मौत करंट लगने से हुई है. जिले के गड़खा थाना क्षेत्र अंतर्गत मुस्सेपुर चौक के समीप सड़क हादसे में शादी समारोह जा रहे एक युवक की मौत हो गई. जबकि उनका साथी गंभीर रूप से घायल होकर पीएमसीएच रेफर किया गया. मृत युवक की पहचान जिले के गड़खा थाना क्षेत्र के अख्तियारपुर गांव निवासी ठाकुर राय के 26 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार के रूप में की गई. इस घटना की सूचना मिलते ही घर परिवार में रोना-पीटना लग गया. वहीं स्थानीय थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा, जहां शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद उसे परिवार वालों को सौंप दिया गया है. इस संबंध में मृतक के परिवार वालों ने बताया कि राहुल व उसका साथी दोनों शादी समारोह में शामिल होने के लिए बाइक से जा रहे थे, तभी दुर्घटना का शिकार हो गये. जिसमें राहुल की मौत हो गई जबकि उसका साथी पीएमसीएच रेफर किया गया है.

जबकि, दूसरी घटना जिले के डोरीगंज थाना क्षेत्र से सामने आई है, जहां सूरतपुर गांव में एक अधेड़ की मौत करंट लगने से हुई है. मृतक की पहचान स्थानीय थाना क्षेत्र के सूरतपुर गांव निवासी स्वर्गीय प्रभु महतो के पुत्र ढोड़ा महतो के रूप में की गई है. घटना के संबंध में बताया जाता है कि वह सुबह में मकई के खेत की तरफ गए थे, जहां टूट कर गिरे बिजली तार की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई. खोजबीन के क्रम में उन्हें खेत में मृत पाया गया. जिसके बाद परिवार वालों में रोना-पीटना लग गया. वहीं स्थानीय थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिवार वालों को सौंप दिया है.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *