नहीं थम रहा यहां हत्याओं का दौर ; फिर एक व्यक्ति की ईंट-पत्थर से कूच कर हत्या

0 minutes, 5 seconds Read

CHHAPRA DESK –   सारण जिले में अपराधी पूरी तरह बेलगाम हो चले हैं. आए दिन हत्या, लूट, डकैती जैसे संगीन वारदातों को अंजाम दे रहे हैं और पुलिस लकीर पीटती नजर आ रही है. ताजा मामला सारण जिले के गड़खा थाना क्षेत्र से सामने आया है. जहां, गड़खा थाना क्षेत्र के लाढ़पुर गांव में अहले सुबह एक व्यक्ति को सोये अवस्था में ही ईंट-पत्थर से सिर पर वार कर हत्या कर दी गई है. मृत व्यक्ति स्थानीय थाना क्षेत्र के लाढ़पुर गांव निवासी सजीवन सिंह का 40 वर्षीय पुत्र अजय सिंह बताया गया है. हालांकि उस दौरान घर की छत पर परिवार के अन्य सदस्य भी सोए थे. लेकिन, उन्हें भी इस घटना की जानकारी सुबह उठने पर हुई, उस समय वह लहुलुहान पड़ा था जबकि कुछ युवक छत से कूदकर भागते देखें गये.

इस घटना के बाद घर परिवार में कोहराम मच गया. घर वालो ने बताया कि बीती रात सभी खाना खाकर छत पर सोने चले गए थे. आज अल सुबह जब उनकी आंख खुली तो देखा कि अजय सिंह अपने बिस्तर पर लहुलुहान पड़ा है, जिसे परिवार के सदस्य आनन फानन में उठा कर हॉस्पिटल ले जा रहे थे लेकिन रस्ते में मौत हो गई. वहीं पड़ोसी विवेक कुमार ने बताया कि वह अल सुबह में छत पर सोने जा रहा था तो छत से एक युवक को कूद कर भागते हुए देखा. इस घटना के बाद परिवार वालों द्वारा घटना की जानकारी गड़खा थाना पुलिस को दी. सूचना के बाद घटनास्थल पर पुलिस पहुंचकर मामले की छानबीन करने के बाद शव को पोस्टमार्टम करने के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.

जहां शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद उसे परिवार वालों को सौंप दिया गया है. उसकी हत्या के कारणों की जानकारी फिलहाल नहीं हो पाई है कि किस वजह से उसकी हत्या की गई है. बताया जा रहा है कि वह सूद-ब्याज का काम करता था और पैसे के लेनदेन को लेकर कभी ना कभी किसी न किसी से बकझक हो जाया करती थी. हाल में ही दो-तीन रोज पहले एक व्यक्ति से पैसे को लेकर बकझक हुई थी. फिलहाल पुलिस हत्या के मामले में जांच पड़ताल कर रही है. हालांकि समाचार प्रेषण तक इस मामले में प्राथमिकी की प्रक्रिया चल रही थी.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *