शतरंज से मिलती है सही समय पर निर्णय लेने की क्षमता : एसपी

0 minutes, 1 second Read

CHHAPRA DESK –  छपरा शहर के सीपीएस कैंपस में आयोजित 32वीं छपरा जिला शतरंज चैंपियनशिप का भव्य उद्घाटन किया गया. इस दो दिवसीय प्रतियोगिता का आयोजन छपरा जिला शतरंज संघ द्वारा किया गया है, जिसे लायंस क्लब ऑफ़ छपरा द्वारा प्रायोजित किया गया है. उद्घाटन समारोह का शुभारंभ एसएसपी डॉ कुमार आशीष ने दीप प्रज्वलित कर किया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों का स्वागत संघ के अध्यक्ष डॉ मनोज कुमार वर्मा ‘संकल्प’ ने पुष्पगुच्छ एवं शॉल भेंटकर किया. प्रतियोगिता में छपरा एवं आसपास के विभिन्न विद्यालयों और शतरंज क्लबों से 200 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया.

Add

उक्त अवसर पर एसपी ने अपने संबोधन में बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शतरंज एक ऐसा खेल है जो न केवल मानसिक क्षमता को विकसित करता है, बल्कि जीवन में सही समय पर सही निर्णय लेने की क्षमता भी प्रदान करता है. उन्होंने छात्रों को नियमित रूप से शतरंज खेलने की सलाह दी. संघ के अध्यक्ष डॉ मनोज कुमार वर्मा संकल्प ने अपने स्वागत भाषण एवं संबोधन में उन्होंने कहा, “शतरंज सिर्फ एक खेल नहीं, यह विचारों की युद्धभूमि है, जहां हर चाल सोच-समझकर चलनी होती है, ठीक वैसे ही जैसे जीवन में हर निर्णय. हमारा उद्देश्य केवल चैंपियन खोजना नहीं है, बल्कि सोचने वाले, रणनीति बनाने वाले और धैर्य से निर्णय लेने वाले व्यक्तित्वों को गढ़ना है.

डॉ विकाश कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा, “शतरंज में जैसे ‘शह’ और ‘मात’ दोनों की भूमिका अहम होती है, वैसे ही जीवन में जीत और हार दोनों से बहुत कुछ सीखा जा सकता है।” उन्होंने सभी अभिभावकों का धन्यवाद किया कि वे अपने बच्चों को खेलों में भाग लेने के लिए प्रेरित कर रहे हैं. वहीं ग्यानेश्वर सिंह ने इस अवसर पर कहा, “शतरंज जीवन का आईना है, जिसमें हर चाल एक सोच का परिणाम होती है. अगर हम बचपन से ही बच्चों को इस खेल से जोड़ते हैं, तो हम उनमें रणनीतिक सोच, संयम और नेतृत्व की भावना विकसित कर सकते हैं.

संघ के सचिव अरविंद कुमार सिंह ने प्रतियोगिता के नियमों एवं शतरंज के नियमों को विस्तार से बताया और खिलाड़ियों को अनुशासनपूर्वक खेलने का आग्रह किया. प्रतियोगिता का समापन 25 मई को होगा, जिसमें विभिन्न वर्गों के विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा. यह आयोजन न केवल जिले में शतरंज खेल के प्रति बढ़ती रुचि को दर्शाता है, बल्कि बच्चों की मानसिक योग्यता और प्रतिस्पर्धात्मक भावना को भी मजबूती प्रदान करता है. उक्त अवसर पर लायंस क्लब ऑफ़ छपरा के अध्यक्ष एवं शतरंज संघ के उपाध्यक्ष, ब्रांच मैनेजर सुशील वर्मा, सीपीएस से अश्विनी परमार, समारोह के मंच संचालक अरविंद कुमार सिंह सहित अन्य उपस्थित रहे.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *