₹25 हजार रिश्वत लेते दारोगा को निगरानी ने रंगेहाथ किया गिरफ्तार

0 minutes, 0 seconds Read

PATNA DESK –   बिहार के नवादा जिला अंतर्गत अकबरपुर थाना में तैनात पुलिस अवर निरीक्षक प्रमोद कुमार पटेल को पटना से पहुंची निगरानी विभाग की टीम ने ₹25,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. उक्त दारोगा पर आरोप है कि वह एक आपराधिक मामले में केस डायरी में मदद करने और अभियुक्तों की गिरफ्तारी रोकने के एवज में घूस की मांग कर रहे थे. निगरानी अन्वेषण ब्यूरो को नवादा निवासी विकास कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अकबरपुर थाना कांड संख्या 484/25 में उनके बहनोई एवं भगिना को गिरफ्तार नहीं करने के नाम पर दारोगा प्रमोद कुमार द्वारा रिश्वत मांगी जा रही है.

शिकायत के बाद ब्यूरो ने गुप्त रूप से मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की बात सही पाई गई. आरोप की पुष्टि के बाद पुलिस उपाधीक्षक गौतम कृष्ण के नेतृत्व में विशेष ट्रैप टीम का गठन किया गया. शुक्रवार, 2 जनवरी को जैसे ही आरोपी दारोगा ने अकबरपुर थाना के गेट पर परिवादी से ₹25,000 की रिश्वत ली, निगरानी टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. तलाशी के दौरान दारोगा के पास से पूरी रिश्वत राशि बरामद कर ली गई.

2026 का पहला ट्रैप केस, पुलिस महकमे में हड़कंप

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार वर्ष 2026 में यह ट्रैप के माध्यम से की गई पहली गिरफ्तारी है, जबकि भ्रष्टाचार के खिलाफ दर्ज की गई यह दूसरी प्राथमिकी है. गिरफ्तारी के बाद दारोगा से पूछताछ की जा रही है और उसे पटना स्थित विशेष निगरानी न्यायालय में पेश किया जाएगा. इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है. वहीं, आम जनता ने निगरानी ब्यूरो की इस सख्त कार्रवाई की सराहना की है. बता दें प्रमोद कुमार पटेल पिछले 6 महीने से अकबरपुर थाने में कार्यरत थे.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *