पानापुर में विषाक्त भोजन खाने से दर्जनों की तबीयत बिगड़ी ; सभी लोगों ने एक साथ सामूहिक भोज में खाया था खाना

0 minutes, 2 seconds Read

 

CHHAPRA DESK – सारण जिले के पानापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोंध खीरी टोला में विषाक्त भोजन खाने से दर्जनों लोग बीमार हो गए हैं, जिनका उपचार स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में किए जाने के बाद गंभीर स्थिति में चार लोगों को छपरा सदर अस्पताल रेफर किया गया है. बताया जाता है कि सोमवार की रात्रि सभी लोग गांव में आयोजित एक कथा मटकोर कार्यक्रम में चावल, दाल एवं सब्जी खाये थे. मंगलवार की अहले सुबह में कुछ लोगो को पेटदर्द, उल्टी एवं दस्त की शिकायत होने लगी और देखते ही देखते पीड़ितों की संख्या बढ़ने लगी.

फूड प्वाइजनिंग से पीड़ित लोगों की बढ़ती संख्या देख पूरे गांव में कोहराम मच गया. इस बात की जानकारी मिलते ही प्राथमिक उपस्वास्थ्य केंद्र रामपुररुद्र के कर्मियों ने गांव में पहुंच लोगो का इलाज शुरू किया तथा वरीय पदाधिकारियों को सूचित किया. सूचना पाकर पीएचसी पानापुर के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ कुमार गौरव के नेतृत्व में मेडिकल टीम प्रभावित गांव में पहुंची एवं पीड़ितों का इलाज शुरू किया.

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रेफरल अस्पताल तरैया से भी चिकित्सा कर्मियों की टीम को बुलानी पड़ी. वही इस स्थिति से निपटने के लिए  पानापुर, तरैया एवं मशरक से आधे दर्जन एम्बुलेंस भी मंगाना पड़ा है. इस बीच गंभीर रूप से पीड़ित ओमप्रकाश सिंह की पुत्री सोनाली कुमारी, सतीश सिंह की पुत्री रितिका कुमारी, रीता देवी एवं रंधीर सिंह को बेहतर इलाज के लिए छपरा रेफर कर दिया गया है.

अन्य पीड़ितों में 80 वर्षीया पत्नी सुशीला देवी, रणधीर कुमार 13 वर्ष, रणवीर कुमार 11 वर्ष, हीरा साह 50 वर्ष, सरस्वती देवी, ओमप्रकाश साह, विकास कुमार सिंह, विक्की कुमार, नवीन सिंह, अंकिता कुमारी, सुबोध सिंह, अमितेज कुमार, रवीश कुमार, सुजाता देवी, चांदनी कुमारी, पप्पू कुमार पंडित, प्रियंका कुमारी, रूपकान्ति देवी, विनीता देवी, रामदयाल सिंह, आकाश कुमार सहित अन्य शामिल हैं.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *