सोनपुर डीआरएम कार्यालय कैंपस में ड्यूटी के दौरान एक रेल कर्मी की हत्या ; परिवार में मातम

0 minutes, 3 seconds Read

CHHAPRA DESK – सारण जिले के सोनपुर थाना अंतर्गत सोनपुर डीआरएम कार्यालय में एक रेल कर्मी की हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. मृत रेलकर्मी डीआरएम कार्यालय के इंजीनियरिंग ग्रुप के डिस्पैच विभाग में कार्यरत था. मृत रेल कर्मी बंगाल के मालदा जिला अंतर्गत रतुआ थाना क्षेत्र निवासी स्वर्गीय मंटू मंडल का 56 वर्षीय पुत्र निमाईचंद मंडल बताया गया है. जो की सोनपुर डीआरएम कार्यालय में कार्यरत होने के बाद रेलवे के क्वार्टर में परिवार सहित रहता था. इस घटना की सूचना मिलते ही डीआरएम कार्यालय में हड़कंप मच गया. वहीं उसकी खोजबीन में लगे परिवार वाले रोते-पीटते वहां पहुंचे और पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेजा, जहां शव का पोस्टमार्टम कराए जाने की प्रक्रिया की जा रही है.

मुंह में कपड़ा ठूस गला दबाकर हत्या करने का आरोप

सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के दौरान मृतक के पुत्र राहुल कुमार ने बताया कि बीते दिन वह क्वार्टर से ड्यूटी के लिए निकले लेकिन दोपहर में लंच के लिए घर पर नहीं आए. जब उनको घर से फोन किया गया तो 2:00 बजे उनके द्वारा बोला गया कि वह आ रहे हैं लेकिन घर नहीं पहुंचे. संध्या 6:00 बजे ड्यूटी समाप्त होने के बाद जब वह घर नहीं पहुंचे तो घर वालों ने उनकी खोजबीन शुरू की. वहीं देर रात्रि डीआरएम कार्यालय के पार्क में उनका शव पड़ा हुआ पाया गया. राहुल ने बताया कि उनके मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था. हो ना हो गला दबाकर उनकी हत्या की गई है और मुंह में कपड़ा ठूंसे होने के कारण वह शोर भी नहीं मचा सके होंगे.

मेडिकल बोर्ड ने किया पोस्टमार्टम

छपरा से सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के दौरान मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रशासन द्वारा मेडिकल बोर्ड का गठन किया गया. जिसमें तीन डॉक्टरों को शामिल किया गया, जिनके द्वारा शव का पोस्टमार्टम किया गया है. फिलहाल सभी की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हुई है. जिससे हत्या के संबंध में विस्तृत जानकारी हासिल हो सकेगी.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *