शिक्षकों के ऑनलाइन हाजिरी में बड़ा खेल उजागर ; 5639 शिक्षकों पर कार्रवाई की आंच

0 minutes, 1 second Read

GOPALGANJ DESK –  गोपालगंज में शिक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है. इ-शिक्षाकोष पोर्टल पर दर्ज उपस्थिति आंकड़ों की जांच में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी सामने आई है, जिसके बाद 5639 प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों पर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. इस खुलासे ने न सिर्फ ऑनलाइन हाजिरी प्रणाली की विश्वसनीयता पर प्रश्नचिह्न लगाया है, बल्कि स्कूलों में अनुशासन की स्थिति भी उजागर कर दी है. जिला शिक्षा पदाधिकारी योगेश कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी संबंधित शिक्षकों और प्रधानाध्यापकों से 72 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है.जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं. करीब 445 शिक्षक “ऑन ड्यूटी” दर्ज थे, लेकिन वे विद्यालय में मौजूद नहीं थे. वहीं 2400 शिक्षक बिना किसी सूचना के अनुपस्थित पाए गए, जबकि 2794 शिक्षक निर्धारित समय के बाद स्कूल पहुंचे और देर से उपस्थिति दर्ज की.

Add

विभाग ने प्रधानाध्यापकों की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं. कई मामलों में गड़बड़ी की जानकारी होने के बावजूद इसे रोका नहीं गया और न ही उच्च अधिकारियों को सूचित किया गया. इसे कर्तव्य में लापरवाही के साथ संभावित मिलीभगत के रूप में देखा जा रहा है. इसके अलावा, जनगणना कार्य में लगे कुछ शिक्षक भी “ऑन ड्यूटी” दिखाकर दोनों जिम्मेदारियों का सही निर्वहन नहीं कर रहे थे. जिला प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि जनगणना कार्य विद्यालय समय से पहले या बाद में किया जाए. डीईओ ने साफ चेतावनी दी है कि तय समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर वेतन रोकने सहित कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी. अब इ-शिक्षाकोष के जरिए रोजाना निगरानी होगी, जिससे शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की कोशिश की जा रही.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *