सरस्वती पूजा पर विधि-व्यवस्था को ले डीएम, एसडीएम व एसएसपी ने किया फ्लैग मार्च ; ड्रोन कैमरे व सीसीटीवी से होगी मॉनिटरिंगकी

0 minutes, 1 second Read

CHHAPRA DESK –  सरस्वती पूजा के अवसर पर जिला प्रशासन, सारण द्वारा जिले में शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज नगर थाना क्षेत्र सहित नगरपालिका चौक, टाउन थाना चौक, पंकज सिनेमा रोड एवं अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च का आयोजन किया गया. इस फ्लैग मार्च का नेतृत्व जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के द्वारा किया गया. इस अवसर पर अनुमंडल पुलिस अधिकारी, सदर-1, पुलिस उपाधीक्षक, यातायात, थानाध्यक्ष नगर एवं अन्य पुलिस पदाधिकारी, साथ ही बड़ी संख्या में जिला पुलिस बल, दंगा नियंत्रण बल एवं क्यूआरटी टीम मौजूद थी. उस दौरान आमजनों से शांति, भाईचारा एवं प्रशासन को सहयोग बनाए रखने की अपील की गई.

फ्लैग मार्च के दौरान पूजा आयोजकों एवं आमजनों को निर्देश दिया गया कि पूजा पंडाल एवं जुलूस में डीजे संचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा, लाउड स्पीकर निर्धारित मानक अनुसार ही बजेगा, हथियारों का प्रदर्शन वर्जित है तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक/भड़काऊ पोस्ट साझा न करें. अफवाह या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें. सभी संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जा रही है. ड्रोन कैमरों से निगरानी, सीसीटीवी मॉनिटरिंगकी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है. किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना पैदा करना तथा शरारती तत्वों को यह संदेश देना था कि प्रशासन हर स्थिति से निपटने के लिए सतर्क एवं सक्षम है. जिला प्रशासन की ओर से पुनः सभी नागरिकों से अपील की जाती है कि वे किसी भी अफवाह से बचें, असामाजिक तत्वों की सूचना तत्काल नजदीकी थाने अथवा जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष हेल्पलाइन नं0-9031036406 को दें और पर्व को आपसी भाईचारे के साथ मनाएं.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *