रात्रि गश्ती के दौरान हादसा ; ट्रक ने SI को कुचला, ड्राइवर-खलासी गिरफ्तार

0 minutes, 2 seconds Read

PATNA DESK –  बांका के पंजवारा थाना क्षेत्र में बीती देर रात ट्रक की टक्कर से पंजवारा थाना में पदस्थापित एसआई पुरेंद्र सिंह की मौत हो गई. यह घटना उस समय हुई जब वे पैदल रात्रि गश्ती के दौरान संकट मोचन चौक के पास सड़क पार कर रहे थे. उसी दौरान धोरैया की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. गंभीर रूप से घायल एसआई को तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. मृतक एसआई की पहचान मुंगेर जिले के सुपौल जमुआ गांव निवासी पुरेंद्र सिंह के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार होने की कोशिश कर रहा था,  लेकिन गश्ती में तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक को खदेड़ कर पकड़ लिया.

Add

जांच में सामने आया है कि ट्रक को खलासी चला रहा था और उसकी लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ. इस घटना की सूचना मिलते ही बांका के पुलिस अधीक्षक उपेंद्र वर्मा मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. गुरुवार को पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और शव को पोस्टमॉर्टम कराने के बातपरिवार वालों को सौंप दिया गया है. एसआई पुरेंद्र सिंह की मौत की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई.

 

पंजवारा थाना परिसर में मातम पसरा हुआ है. वहीं, घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे और परिजनों का रो-रोकर हाल-बेहाल हो गया है. मृतक अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और दो बेटियों को छोड़ गए हैं. बताया जा रहा है कि मृतक के परिजन झारखंड के देवघर में रहते हैं. पंजवारा थाना अध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि ट्रक और उसे चला रहे खलासी को गिरफ्तार कर लिया गया है. साथ ही इस मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है. पुलिस ने कहा कि हादसे के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है.

पुलिसकर्मियों ने दी श्रद्धांजलि

बांका पुलिस लाइन में एसपी उपेंद्रनाथ वर्मा की मौजूदगी में पुलिस लाइन में पुलिसकर्मियों ने श्रद्धांजलि दी. पोस्टमॉर्टम के बाद शव को पुलिस लाइन लाया गया. पुलिस लाइन में एसपी व अन्य पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में मृतक एसआई को जवानों ने गॉड ऑफ ऑनर दिया गया. गमगीन माहौल में साथी पुलिस कर्मी को सभी ने विदाई दी.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *