ट्रकों की चोरी कर उसे काट कर कबाड़ी में बेच देता है यह गिरोह ; चार सदस्य गिरफ्तार

0 minutes, 1 second Read

CHHAPRA DESK सारण जिला पुलिस ने गड़खा थानान्तर्गत चोरी के ट्रक को काटकर कबाड़ी में बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़ कर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है. वहीं मौके से एक आधा कटा हुआ ट्रक, एक उजला महिंद्रा पिकअप वाहन एवं चार ऑक्सीजन सिलेंडर गैस कटर से जुड़ा हुआ बरामद किया गया है. बता दें कि जिले में अपराधियों द्वारा चोरी, लूट और डकैती की अनेक घटनाओं को लगातार अंजाम दिया जा रहा है. वहीं पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में लगातार आपराधिक घटनाओं का सफलतापूर्वक उद्भेदन भी किया जा रहा है. उसी क्रम में गरखा थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि गड़खा थाना अंतर्गत ग्राम – फुलवरिया स्थित बाबा चिमनी पर कुछ लोग चोरी का ट्रक काट रहे हैं और उसे कबाड़ी में बेचने की फिराक में हैं.

Add

उक्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए बाबा चिमनी परिसर में विधिवत छापामारी किया गया. छापामारी के क्रम में देखा गया कि कुछ व्यक्तियों द्वारा 01 ट्रक को काट कर उसके स्क्रैप को पिकअप वाहन में लोड किया जा रहा था. पुलिस टीम को देखकर सभी व्यक्ति इधर उधर भागने लगे. जिसमें चार बदमाशों को खदेड़कर पुलिस बल के सहयोग से पकड़ लिया गया. पकड़ाए चारों व्यक्तियों से पूछताछ एवं तलाशी के क्रम में एक आधा कटा हुआ 6 चक्का ट्रक, एक उजला महिंद्रा पिकअप वाहन जिस पर ट्रक का स्क्रैप लदा हुआ, चार ऑक्सीजन सिलेंडर गैस कटर से जुड़ा हुआ बरामद किया गया.

जिसका कागजात मांगने पर उन लोगों के द्वारा कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किया गया. तत्पश्चात बरामद प्रदर्श को विधिवत जब्त करते हुए चारों बदमाशों को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार अभियुक्तों द्वारा बताया गया कि हमलोग चोरी का ट्रक लाकर उसे गैस कटर से काटकर कबाड़ी में बेचते हैं. इस संदर्भ में गड़खा थाना कांड संख्या-733/24 दर्ज कर गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है. इस कांड में संलिप्त अन्य अपराधकर्मियों की गिरफ्तारी हेतु अग्रेतर कारवाई की जा रही है.

गिरफ्तार बदमाशों में नगर थाना क्षेत्र के बड़ा तेलपा निवासी दीपक कुमार, मशरक थाना क्षेत्र के चैनपुर बाजार निवासी छठी लाल कुमार, दरियापुर थाना क्षेत्र के बेला गांव निवासी अमरनाथ ठाकुर एवं गड़खा थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गांव निवासी मुकेश कुमार तिवारी शामिल हैं. छापामारी दल में गड़खा थाना अध्यक्ष पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष शशिरंजन कुमार, पु०अ०नि० राजीव कुमार, स०अ०नि० मो० क्यूम तथा थाना के अन्य कर्मी शामिल थे.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *