पोखर में डूबने से दो चचेरे भाईयों की मौत ; गांव में पसरा मातम

0 minutes, 1 second Read

CHHAPRA DESK –  सारण जिला के एकमा थाना क्षेत्र अंतर्गत फुचटी कला गांव में एक दर्दनाक हादसे में दो चचेरे भाईयों की पोखर में डूबने से मौत हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है. वहीं परिजनों में कोहराम मचा हुआ है. मृतकों की पहचान रमेश राय के 9 वर्षीय पुत्र गुड्डू कुमार व रविन्द्र यादव के 8 वर्षीय पुत्र अक्षय कुमार के रूप में हुई है. दोनों बच्चे आपस में चचेरे भाई थे और अन्य बच्चों के साथ गांव के समीप स्थित पोखर में स्नान करने गए थे. ग्रामीणों के अनुसार बुधवार की अपराह्न करीब तीन बजे पांच बच्चे पोखर में नहा रहे थे. उसी दौरान एक बच्चा गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा. उसे बचाने के प्रयास में दूसरा बच्चा भी गहराई में पहुंच गया और दोनों पानी में समा गए. साथ मौजूद अन्य तीन बच्चे किसी तरह बाहर निकलकर गांव पहुंचे और घटना की सूचना दी.


सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ पोखर के पास जुट गई. काफी प्रयास और मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी. घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई में जुट गई. घटना के संबंध में मृतक के पिता रमेश राय ने इसे दुर्घटना बताते हुए पोस्टमार्टम नहीं कराने का आवेदन दिया. एकमा थानाध्यक्ष राम बालक यादव ने बताया कि परिजनों के अनुरोध पर शव का पंचनामा तैयार कर उन्हें सौंप दिया गया है. इस हृदय विदारक घटना के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. दोनों परिवारों में शोक की गहरी छाया है और परिजनों का रो-रोकर हाल-बेहाल है. ग्रामीणों ने प्रशासन से पोखरों के आसपास सुरक्षा के उपाय करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *