खुलासा : नर्तकी के चक्कर में हुई थी ASI की गला रेत कर हत्या ; सात आरोपी गिरफ्तार

0 minutes, 1 second Read

SIWAN DESK –   बिहार के सिवान जिला अंतर्गत दरौंदा थाना में तैनात दारोगा अनिरुद्ध कुमार की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने इस हत्याकांड में दो महिला समेत कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है. जांच में सामने आया कि यह हत्या एक नर्तकी से जुड़े विवाद के चलते हुई थी. घटना 29 अक्टूबर की रात की है, जब दारोगा अनिरुद्ध कुमार की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी. पुलिस अधीक्षक मनोज तिवारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी टीम का गठन किया था. जांच में पता चला कि दरौंदा थाना क्षेत्र के सिरसांव नवकाटोला में पिंटू कुमार के मकान में कुछ नर्तकियां रहती थीं. इन्हीं में से एक नर्तकी से दरोगा अनिरुद्ध की बातचीत और मोबाइल चैट को देखकर नर्तकी का पति इमरान अंसारी भड़क गया था.

दीपावली के दिन इस बात को लेकर दारोगा, इमरान और उसके साथी राहुल कुमार के बीच झगड़ा हुआ था. जिसके बाद इमरान, राहुल और उनके अन्य सहयोगियों ने मिलकर षड्यंत्र रचते हुए दारोगा को कार्यक्रम दिखाने के बहाने बुलाया और सिरसांव के अरहर के खेत में ले जाकर धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी. मृतक के परिजनों की शिकायत पर दरौंदा थाना में कांड संख्या 517/25 दर्ज की गई. जिसमें बीएनएस की धारा 103(1), 238, 61(2), 3(5) और एससी-एसटी एक्ट की धारा 3(2)(1) के तहत मामला दर्ज हुआ है.

गिरफ्तार अभियुक्तों में नेपाल के बाके जिला के नेपालगंज निवासी मकसूद अली अंसारी का पुत्र इमरान अंसारी एवं महमूद इद्रीशी का पुत्र समीर इद्रीशी, सिवान जिला के दरौंदा थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपरा गांव निवासी पशुपति यादव का पुत्र राहुल कुमार यादव, महाराजगंज थाना क्षेत्र के इनौली गांव निवासी मुन्ना लाल दास का पुत्र रंजन कुमार श्रीवास्तव, पनौली गांव निवासी वशिष्ठ नारायण सिंह का पुत्र संदीप सिंह सहित दो महिलाएं शामिल हैं. पुलिस ने आरोपियों के पास से मृतक का मोबाइल फोन, सोने की चेन, अंगूठी और चांदी का ब्रेसलेट भी बरामद किया है. वहीं, अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *