जिला स्तरीय विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक में विकासात्मक कार्यों की सांसद ने की समीक्षा

0 minutes, 2 seconds Read

CHHAPRA DESK –  सारण सांसद राजीव प्रताप रूडी की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक की गई. सबसे पहले 22 अगस्त 2025 को आहुत “दिशा” की विगत बैठक में उठाये गये बिंदुओं के अनुपालन को लेकर एक एक कर चर्चा की गई. जिला अंतर्गत जिन परियोजनाओं में भू-अर्जन किया जा रहा है, इसकी समेकित सूची परियोजनावर उपलब्ध सभी सदस्यों को उपलब्ध कराने को कहा गया. इस सूची में परियोजनावर भू-अर्जन के पंचाटियों की संख्या, इनमें से कितने को मुआवजे का भुगतान हुआ है, कितने का मुआवजा भुगतान प्रकियाधीन है तथा शेष के भुगतान के लिये टाइमलाइन सहित जानकारी को समाहित करने को कहा गया. जिला के सभी सरकारी जमीन पर स्थित वृक्षों की जिओ टैगिंग के संदर्भ में वन प्रमंडल पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि अद्यतन 8 सड़कों के किनारे के वृक्षों की जिओ टैगिंग कराई गई है.

Add

अन्य सार्वजनिक स्थलों पर स्थित वृक्षों की भी जिओ टैगिंग कराने को कहा गया. वृक्षारोपण एवं पूर्व से लगे वृक्षों की मॉनिटरिंग के लिये तकनीक आधारित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया. इसके लिये एक टास्क फोर्स गठित करने का निदेश दिया गया. वहीं नगर निगम छपरा में अमृत 3 के तहत 9951 घरों में नल जल का कनेक्शन दिया जाना है, इसके लिए बुडको द्वारा निविदा निकाली जा चुकी है. इस कार्य को उच्च प्राथमिकता से कराने को कहा गया. इससे पूर्व नगर निगम के सभी वार्ड पार्षद एवं स्थानीय विधायक / पूर्व विधायक आदि के साथ बैठक कर सूची को साझा करने एवं प्राप्त फीडबैक के आधार पर सूची में आवश्यक संशोधन करते हुए सभी घरों में नल जल कनेक्शन सुनिश्चित कराने को कहा गया.

जिला में जिन योजनाओं के क्रियान्वयन में रेलवे के साथ समन्वय की आवश्यकता है, इसकी समेकित सूची दोनों माननीय सांसद को उपलब्ध कराने को कहा गया ताकि उच्चतर स्तर से रेलवे के साथ समन्वय स्थापित कर योजनाओं के क्रियान्वयन को गति दी जा सके. जिला में विभिन्न सड़क / गलियों के किनारे नाली निर्माण/ पेयजल पाइपलाइन / अन्य यूटिलिटी सुविधाओं के लिये किये जा रहे कार्यों में अंतर्विभागीय समन्वय के लिये यूटीलिटी कॉर्डिनेशन ग्रुप बनाकर कार्य कराया जायेगा. नगर निकायों के सूखे कचरे के प्रबंधन के लिए क्लस्टर व्यवस्था के तहत जिला में 3-4 उपयुक्त स्थलों पर जमीन चिन्हित कर प्रस्ताव तैयार करने का निर्णय लिया गया. इसके लिये नगर निगम छपरा नोडल नगर निकाय के रूप में कार्य करेगी. जिला के जिन विद्यालयों की भूमि पर अवैध अतिक्रमण है, जमीन की पैमाइश कराकर अतिक्रमण हटाने के लिये प्राथमिकता से कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.

वहीं सहकारिता विभाग, कृषि विभाग, सामाजिक सुरक्षा पेंशन , जीविका स्वयं सहायता समूह आदि की समीक्षा के क्रम में योजनाओं के बेहतर एवं प्रभावी क्रियान्वयन का निर्देश दिया गया. विधि व्यवस्था के संदर्भ में वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा विस्तृत जानकारी दी गई. वहीं सभी नहरों की अच्छे से उड़ाही कराने के लिये त्वरित कार्रवाई को कहा गया. बैठक में सांसद महराजगंज -सह- सह अध्यक्ष दिशा, विधान पार्षद डॉ० वीरेन्द्र नारायण यादव, विधान पार्षद सच्चिदानंद राय, विधान पार्षद डॉ० सुनील कुमार सिंह, विधायक जनक सिंह, विधायक मनोरंजन सिंह, विधायक विनय कुमार सिंह, विधायक सुरेंद्र राम, विधायक छोटी कुमारी, विधायक करिश्मा, महापौर छपरा नगर निगम लक्ष्मी नारायण गुप्ता, जिला परिषद अध्यक्षा जयमित्रा देवी, विभिन्न प्रखंड प्रमुख, नगर निकायों के मुख्य पार्षद , जिलाधिकारी सह सदस्य सचिव दिशा वैभव श्रीवास्तव, वरीय पुलिस अधीक्षक सह सदस्य (प्रशासन) विनीत कुमार, वन प्रमण्डल पदाधिकारी सोनू कुमार, उप विकास आयुक्त लक्ष्मण तिवारी, अपर समाहर्त्ता, नगर आयुक्त, विभिन्न तकनीकी एवं गैर तकनीकी विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उपसमाहर्त्ता, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी आदि उपस्थित थे.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *