घर में सो रही महिला की हत्या के बाद बवाल ; आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर घंटो काटा बवाल

0 minutes, 1 second Read

CHHAPRA DESK –  सारण जिले के गड़खा थाना क्षेत्र अंतर्गत धर्मबागी बाजार स्थित एक घर में अकेली रह रही महिला की गला दबाकर हत्या किए जाने के बाद आक्रोशित लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और लोगों ने सड़क जामकर घंटो बवाल काटा. वहीं सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस घंटो मशक्कत के बाद शव को कब्जे में ले सकी और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया, जहां शव का पोस्टमार्टम कराए जाने की प्रक्रिया की जा रही है. मृतका की पहचान स्थानीय थाना क्षेत्र के धर्मबागी बाजार निवासी रविन्द्र महतो की 50 वर्षीय पत्नी चंद्रावती देवी के रूप में हुई है. बताया जाता है कि उनके पति और पुत्र बाहर रहकर काम करते हैं, जबकि चंद्रावती देवी घर में अकेली रहती थी और उसके साथ आठ-नौ वर्ष का बच्चा रहता था. उसी के द्वारा पूरे मामले का की जानकारी परिजन व गांव वालों को दी गई है. सूचना के बाद मढौरा निवासी उसकी बेटी एवं अन्य बेटियां भी परिवार सहित पहुंची और सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के क्रम में सीसीटीवी खंगालने में जुटी हुई है. वहीं घटना को लेकर परिजन व ग्रामीणों में खासा आक्रोश देखने को मिला. जिसके बाद उन लोगों ने सड़क जाम कर घंटो हो-हंगामा कर बवाल काटा. महिला के गर्दन और शरीर पर चोट के निशान है. गड़खा थानाध्यक्ष सुभाष कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है. संदिग्धों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

Add

जांच के लिए पहुंची डॉग स्क्वायड व फॉरेंसिक लैब टीम 

घटना की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए. वहीं सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी. पुलिस ने घर और आसपास के इलाके को घेरकर साक्ष्य जुटाने का काम शुरू किया. घटना की गंभीरता को देखते हुए डाग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया. वहीं सीएफएल टीम ने घटनास्थल से खून के नमूने और अन्य जरूरी साक्ष्य एकत्र किए.

सीसीटीवी फुटेज में दिखे संदिग्ध युवक 

जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. फुटेज में देर रात करीब एक बजे महिला के घर के आसपास तीन से चार युवकों की गतिविधियां दिखाई देने की बात सामने आई है. पुलिस इन युवकों की पहचान करने में जुटी है. इसके अलावा घटनास्थल के पास से एक लावारिस बिना नंबर की मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है. आशंका जताई जा रही है कि बाइक का संबंध अपराधियों से हो सकता है. वैसे महिला के साथ घर में रह रहे बच्चे ने भी दो युवकों के द्वारा उसकी दादी के शरीर पर चढ़कर उसकी गला दबाने और मारपीट करने की बात बताई गई है.

एसएसपी को बुलाने की मांग पर सड़क जाम

घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और पुलिस प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताते हुए सड़क जाम कर दिया. लोग मौके पर एसएसपी विनीत कुमार को बुलाने की मांग कर रहे थे. सड़क जाम के कारण कुछ देर तक आवागमन प्रभावित रहा. बाद में पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद लोग शांत हुए.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *