दिनभर घर में रहता था ; पुलिस ने मारा छापा तो सामने आया पाकिस्तान और चीन का कनेक्शन

0 minutes, 1 second Read

GOPALGANJ DESK –  बिहार की गोपालगंज पुलिस ने एक बड़े साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है, जिसके कनेक्शन पाकिस्तान और चीन सहित अन्य देशों से भी हैं. जिसके पर्याप्त साक्ष्य मिले हैं. गिरफ्तार अपराधी गोपालगंज जिला के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कृतपुरा गांव निवासी अतुल कुमार सिंह बताया गया है. पुलिस ने उसको उसके घर से ही गिरफ्तार किया है. अतुल पर आरोप है कि वो लोगों का गोपनीय डाटा चुराकर पाकिस्तान, चीन, रूस, साउथ अफ्रीका, नाइजीरिया और केन्या जैसे देशों को बेचता था. साथ ही, साइबर फ्रॉड करके लोगों के खातों से पैसे भी निकालता था. पुलिस ने उसके पास से मोबाइल, कई एटीएम कार्ड, पासबुक, पेन ड्राइव, 24 हजार रुपये कैश और चेकबुक बरामद की है.

इस मामले में मनी लॉन्ड्रिंग का भी एंगल जुड़ने के बाद पुलिस केंद्रीय एजेंसियों से संपर्क में है. अतुल के विदेशी साइबर अपराधियों से संबंध होने के कारण मामला बेहद गंभीर हो गया है. पुलिस को शक है कि अतुल के तार एक बड़े साइबर क्राइम रैकेट से जुड़े हैं. फिलहाल पुलिस अतुल के साथियों की तलाश में छापेमारी कर रही है. गोपालगंज के एसपी खुद इस मामले की निगरानी कर रहे हैं. पुलिसिया जांच में पता चला है कि अतुल ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है. पढ़ाई के दौरान ही वो साइबर क्राइम की दुनिया में आ गया. देखते ही देखते वो बड़े-बड़े साइबर फ्रॉड करने लगा. हैदराबाद पुलिस को उसकी तलाश थी, लेकिन वो पुलिस को चकमा देकर गोपालगंज भाग आया. यहां उसने भोले-भाले लोगों के नाम पर बैंक खाते खुलवाए और साइबर फ्रॉड का धंधा शुरू कर दिया. गोपालगंज आने के बाद वह प्राय: घर में ही बंद रहता था.


टेलीग्राम के जरिये विदेश भेजता था डाटा

इस मामले में गोपालगंज एसपी अवधेश दीक्षित ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अतुल मनी लॉन्ड्रिंग में शामिल है. वह गोपालगंज का डाटा विदेशों में बेच रहा है. टेलीग्राम के जरिये भी वो कुछ कंपनियों का डेटा शेयर कर रहा था. जब पुलिस ने उसके मोबाइल की जांच की तो पता चला कि उसने चीन, रूस, साउथ अफ्रीका और अमेरिका में भी डेटा भेजा है. पुलिस ने अतुल के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है. पुलिस का मानना है कि अतुल ने साइबर फ्रॉड से बहुत पैसे कमाए हैं. उसने अपने इलाके में कई लोगों के नाम पर जमीनें और गाड़ियां भी खरीदी हैं. पुलिस उसकी संपत्ति की जांच के लिए ईडी और दूसरी केंद्रीय एजेंसियों से संपर्क कर रही है. एसपी ने बताया कि इस मामले में जल्द ही बड़ा खुलासा हो सकता है.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *