अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में महिला समेत तीन व्यक्ति की मौत ; टेंपो दुर्घटना में चालक की मौत, पांच घायल

0 minutes, 2 seconds Read

CHHAPRA DESK –  सारण जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में सड़क दुर्घटनाओं में एक महिला समेत तीन व्यक्ति की मौत हुई है. उसके बाद पारिजनों में कोहराम मचा हुआ है. पहली घटना जिले के दिघवारा-भेल्दी मुख्य सड़क मार्ग पर हुई, जहां मोहम्मदपुर से मशरक जा रही एक टेंपो दरियापुर थाना अंतर्गत रसूलपुर गांव के पास अनियंत्रित होकर पलट गई. इस हादसे में टेंपो चालक इदरीश मियां की मौत हो गई, जबकि ऑटो में सवार पांच अन्य लोग घायल हो गए, जिनका उपचार किया गया. प्रत्यक्ष दर्शियों के मुताबिक, भेल्दी की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार ट्रक ने टेंपो को अचानक चकमा दे दिया, जिससे संतुलन बिगड़ गया और टेंपो सड़क किनारे पलट गई.

Add

घटना के तुरंत बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को दरियापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चालक इदरीश मियां की हालत गंभीर देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया. वहीं अन्य घायलों का इलाज दरियापुर सीएचसी में चल रहा है. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जहां शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद उसे परिवार वालों को सौंप दिया गया. ग्रामीणों ने बताया कि दिघवारा-भेल्दी सड़क मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और अनियंत्रित ढंग से आवाजाही के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं. लोगों ने प्रशासन से सड़क पर स्पीड कंट्रोल और ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने की मांग की है.

जबकि, दूसरी घटना में बनियापुर थाना अंतर्गत मुख्य मार्ग पर किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र से बेहतर चिकित्सा के लिए छपरा सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. मृत महिला बनियापुर थाना क्षेत्र के भूमिहारा गांव निवासी भगवान सिंह की 58 वर्षीय पत्नी मीरा देवी बताई गई है. चिकित्सक द्वारा उसे मृत घोषित किए जाने के बाद परिवार वालों में रोना-पीटना लग गया. वहीं सदर अस्पताल में मौजूद भगवान बाजार थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करने के बाद परिवार वालों को सौंप दिया.


जबकि, तीसरी घटना में जिले के भेल्दी थाना अंतर्गत लगनपुरा रोड पर किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे आनन-फानन में स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र से रेफर किया गया. जहां परिवार वाले उसे लेकर पटना पहुंचे, जहां उपचार के दौरान वृद्ध की मौत हो गई. सके बाद परिवार वाले रोते-पीटते शव लेकर गांव पहुंचे, जहां स्थानीय थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद परिवार वालों को सौंप दिया. मृत व्यक्ति जिले के भेल्दी थाना अंतर्गत लगनपुरा गांव निवासी स्वर्गीय बद्री राय के 64 वर्षीय पुत्र रामबली राय बताये गये हैं.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *