प्रेम विवाह के चार महीने में तकरार ; पत्नी छोड़ गई मायके तो पति चढ़ गया टावर पर, फिर…

0 minutes, 2 seconds Read

CHHAPRA DESK –  प्रेम विवाह के बाद 4 महीने में तकरार होने पर पत्नी पति को छोड़ मायके चली गई. जिसके बाद पति सीधे मोबाइल के टावर पर चढ़ गया. यह देखकर गांव में हड़कंप मच गया. लोगों ने उसे काफी मनाने का प्रयास किया लेकिन वह मानने को तैयार नहीं हुआ. अंत में उसकी पत्नी को यह सूचना दी गई और पत्नी के आने के बाद ही वह टावर से नीचे उतरा. उस दौरान गांव में घंटो हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा. मामला सारण जिले के अमनौर थाना क्षेत्र के कैतुका लच्छी गांव का है. जहां पत्नी के मायके चले जाने से आहत एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया. घंटों चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद पत्नी के मौके पर पहुंचने पर ही युवक नीचे उतरा. उक्त युवक स्थानीय निवासी बबन शर्मा का पुत्र मुकेश कुमार शर्मा बताया गया है. बताया जाता है कि मुकेश टेंट-शामियाना में काम करता है. ग्रामीणों के अनुसार, चार माह पूर्व उसने कोठियां नाराव गांव की युवती से आमी में प्रेम विवाह किया था. उस दौरान उनके बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ और चार दिन पहले उसकी पत्नी मायके चली गई थी.

मुकेश पत्नी को बुलाने ससुराल गया था, लेकिन वहां तू-तू, मैं-मैं के बाद फिर विवाद हो गया. ससुराल वालों ने लड़की की विदाई नहीं की. इससे नाराज मुकेश घर लौटा और सीधे गांव के मोबाइल टावर पर चढ़ गया. टावर पर चढ़कर वह बार-बार यही कह रहा था कि पहले मेरी पत्नी को बुलाओ, तभी नीचे आऊंगा. घटना की सूचना पर आसपास के सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जुट गए. स्थानीय लोगों ने तुरंत प्रशासन को सूचना दी. सूचना मिलते ही अमनौर थाना की पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. घंटों तक पुलिस और ग्रामीण युवक को समझाने-बुझाने में जुटे रहे।गांव के मुखिया सुनील राय व प्रशासन लगातार लाउडस्पीकर से उसे शांत कर सुरक्षित नीचे आने की अपील करते रहे. काफी मशक्कत के बाद जब मुकेश की पत्नी को मौके पर बुलाया गया, तब जाकर वह टावर से नीचे उतरने को राजी हुआ.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *