छपरा जंक्शन पर शराब तस्करी में पुलिस की मिलीभगत का आरोप, वीडियो वायरल

0 minutes, 1 second Read

CHHAPRA DESK –  छपरा जंक्शन पर ऑन ड्यूटी आरपीएफ और जीआरपी की कथित मिलीभगत से शराब तस्करी का मामला सामने आया है. मामला बीते दिन रविवार का बताया जा रहा है. जिसका वीडियो भी अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. लेकिन, हलचल न्यूज़ इसकी पुष्टि नहीं करता है. बताया जा रहा है कि न्यू जलपाईगुड़ी से आई एक ट्रेन से प्लेटफॉर्म संख्या पांच पर खुलेआम शराब उतारने और उसे माफियाओं के हवाले करने का आरोप लगा है. वायरल हो रहे एक वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि दो युवक मोटरसाइकिल के जरिए प्लेटफॉर्म से बोरे और बैग में सामान लेकर जा रहे हैं. दावा है कि इन बोरों में शराब भरी हुई थी, जिसे ट्रेन से उतारकर बाहर भेजा जा रहा था. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह पूरा घटनाक्रम कथित तौर पर सुरक्षा बलों की मौजूदगी में हुआ.

Add

वहीं वीडियो सामने आने के बाद आरपीएफ और जीआरपी महकमे में हड़कंप मच गया है. हालांकि, इस मामले पर फिलहाल कोई भी अधिकारी खुलकर कुछ भी कहने से बच रहा है. हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है. विदित हो कि बिहार में शराबबंदी लागू होने के बावजूद सीमावर्ती राज्यों से लगातार तस्करी की घटनाएं सामने आती रही हैं. ऐसे में अगर सुरक्षा एजेंसियों की संलिप्तता के आरोप सही साबित होते हैं, तो यह कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है. फिलहाल, वायरल वीडियो की सत्यता और पूरे मामले की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. इस विषय पर रेल एसपी से टेलिफोनिक संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन संपर्क नहीं हो पाया है. वहीं आरपीएफ प्रभारी को फोन करने पर फोन नहीं उठाया गया.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *