गंगा दशहरा के अवसर पर स्नान करने गये युवक की डूबकर मौत, चार घंटे की मशक्कत के बाद निकला शव

0 minutes, 1 second Read

CHHAPRA DESK –  गंगा दशहरा के अवसर पर रिविलगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत सेमरिया गांव स्थित सरयू नदी के श्रीनाथ बाबा मंदिर घाट पर स्नान करने के दौरान एक युवक की डूब कर मौत हो गई. सूचना के बाद गोताखोरों की टीम बुलाई गई और करीब 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शव को नदी से निकाला जा सका. मृत युवक की पहचान छपरा शहर के साढ़ा बाजार समिति मोहल्ला निवासी निवासी कृष्णा प्रसाद गुप्ता के 19 वर्षीय पुत्र हरि के रूप में हुई है. सूचना के बाद मौके पर पहुंचे सीओ कौशल कुमार, बीडीओ रीतेश कुमार सिंह, थानाध्यक्ष राजीव कुमार आदि ने घटना की जानकारी ली तथा एसडीआरएफ टीम बुलाकर शव की तलाश शुरु करवाया. काफी मशक्कत के बाद करीब चार घंटे बाद शव को नदी से निकालने में सफल मिली. वहीं सदर एसडीओ नीतेश कुमार ने भी घटना स्थल पहुंचकर वस्तु स्थिति का जायजा लिया तथा परिजनों से जानकारी प्राप्त की. घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार आज सुबह रिविलगंज सेमरिया स्थित श्रीनाथ बाबा मंदिर घाट पर हरि अपने रिश्ते के भाईयों एवं दोस्तों के साथ सरयू नदी में स्नान कर रहा था कि अचानक गहरे पानी में चले गया और एक साथ तीन युवक डूबने लगे.

युवकों को डूबते देख स्थानीय लोगों एवं नाविकों ने तुरंत वहां पहुंच कर दो युवकों को बचा लिया, लेकिन तीसरा युवक हरि डूब गया. जिसके बाद वहां अफरातफरी मच गयी. लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी. वहीं परिजनों में चीख-पुकार मच गई. जिससे आसपास का क्षेत्र गमगीन हो गया. परिजनों का कहना है कि घाट पर स्नानार्थियों के हिसाब से सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम नहीं किया गया था. जिसके कारण ऐसी घटना घटित हुई. विदित हो कि गंगा दशहरा के अवसर प्रसिद्ध सेमरिया घाट पर स्नानार्थियों की काफी भीड़ उमड़ी थी. धार्मिक उत्साह कायम था लेकिन युवक की डूबकर हुई मौत के बाद माहौल गमगीन हो गया. हालांकि दोपहर बाद तक स्नानार्थियों का भीड़ स्नान ध्यान एवं पूजा अर्चना करते रहे.

सदर एसडीओ ने क्या कहा

सदर एसडीओ नीतेश कुमार ने बताया कि सेमरिया स्थित श्रीनाथ बाबा मंदिर घाट पर नदी में डूबने से एक युवक की मौत हो गयी है. वहीं प्रशासनिक सुरक्षा व्यवस्था एवं तत्परता दो अन्य युवकों को डुबने से बचा लिया गया है. डूबे युवक की शव बरामद कर लिया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है. एसडीओ सदर ने बताया कि नदी घाट को स्थायी रुप में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए प्रयास किया जाएगा. जिससे ऐसी घटनाओं पर विराम लगाया जा सके. उन्होने बताया कि विभिन्न अवसरों पर सरयू नदी तट पर उमड़ती भीड़ को व्यवस्थित एवं सुरक्षित करने के लिए नये एवं आधुनिक तकनीक अपनाई जाएगी. इस संबंध में प्रशासनिक पदाधिकारियों, जन प्रतिनिधियों एवं आम आवाम के साथ संयुक्त बैठक कर सुझाव एवं सहयोग लिया जाएगा. वहीं इस संबंध में थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के सदर अस्पताल छपरा भेज दिया गया है.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *