साइबर अपराधी सक्रिय : एक सप्ताह में तीन लोगों को बनाया निशाना ; खाता बंद होने की बात बता ट्रांसफर करवा लिए ₹49 हजार

0 minutes, 0 seconds Read

CHHAPRA DESK- सारण जिले में इन दिनों साइबर ठगी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. अलग-अलग तरीकों से लोगों को झांसे में लेकर उनके बैंक खातों से रकम उड़ाई जा रही है.  ताजा मामला डोरीगंज थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक युवक को बैंक खाता बंद होने का भय दिखाकर 49 हजार रुपये की ठगी कर ली गई. प्राप्त जानकारी के अनुसार, डोरीगंज थाना क्षेत्र के कंस दियर निवासी दीनदयाल राय के पुत्र अवधेश कुमार राय के मोबाइल पर एक कॉल आया. कॉल करने वाले ने स्वयं को बैंक प्रतिनिधि बताते हुए कहा कि पैन कार्ड और आधार कार्ड जमा नहीं होने के कारण आपका बैंक खाता बंद किया जा रहा है.

Add

घबराए पीड़ित ने जब समाधान पूछा तो कॉल करने वाले ने 8788900425 नंबर पर राशि ट्रांसफर करने को कहा और आश्वासन दिया कि नया खाता खोलकर इंडिया पोस्ट के माध्यम से उनके घर भेज दिया जाएगा. झांसे में आकर पीड़ित ने पहले 40 हजार रुपये और फिर 9 हजार रुपये, यानि दो किस्तों में कुल 49 हजार रुपये उक्त नंबर पर ट्रांसफर कर दिए. कुछ समय बाद जब दोबारा संपर्क नहीं हो सका तो पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ. जिसके बाद पीड़ित ने डोरीगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है.


इस संबंध में डोरीगंज थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़ित के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. साइबर सेल की मदद से संबंधित मोबाइल नंबर और बैंक ट्रांजेक्शन की जांच की जा रही है. गौरतलब हो कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र में गत 11 फरवरी को पूर्व ठेकेदार बनकर एक ईंट व्यवसायी से 19,999 रुपये की धोखाधड़ी की गई थी. वहीं 13 फरवरी को, ठीक तीन दिन बाद, साढ़ा मठिया स्थित एटीएम मशीन में एक युवक का कार्ड फंसाकर उसके खाते से राशि उड़ा ली गई. जिसके बाद 17 फरवरी को डोरीगंज में साइबर ठगों ने बैंक खाता बंद करने के नाम पर 49 हजार की ठगी कर ली है.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *