अनियंत्रित स्कॉर्पियो की चपेट में आने से मासूम बच्ची की मौके पर मौत ; ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

CHHAPRA DESK –  छपरा-पटना मुख्य मार्ग पर डोरीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत पश्चिमी बलुआ गांव के समीप अनियंत्रित स्कॉर्पियो की चपेट में आने से आठ वर्षीय एक बच्ची की मौत मौके पर हो गयी. इस घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया. मृत बच्ची की पहचान डोरीगंज थाना क्षेत्र के पश्चिमी बलुआ गांव निवासी गुड्डू राय की आठ वर्षीय पुत्री नेहा कुमारी के रुप मे हुई. इस घटना की सूचना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया. घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि नेहा अपने दादा उदय राय के साथ धनौरा बाजार जाने के लिए घर से निकली थी. उसी दौरान गांव के सामने सड़क पार करते समय छपरा की तरफ तेज रफ्तार से जा रही स्कॉर्पियो ने ठाेकर मार दी, जिससे नेहा की मौके पर ही मौत हो गयी.

दुर्घटना के बाद चालक स्कॉर्पियो लेकर मौके से फरार हो गया. घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने छपरा-पटना मुख्य पथ को जाम कर दिया. सुचना पर पहुंची डोरीगंज एवं अवतार नगर थाने की पुलिस ने लोगों को समझा बुझा कर लगभग चालीस मिनट बाद जाम समाप्त करवाया. जिसके बाद बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया, जहां शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद उसे परिवार वालों को सौंप दिया गया है.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *