एसपी ऑफिस के सामने और जिला शिक्षा पदाधिकारी आवास के पास बाइक चोरी, चोर गिरफ्तार ; पूछताछ जारी

0 minutes, 1 second Read

CHHAPRA DESK –  छपरा शहर में बाइक चोर गिरोह एक बार फिर से सक्रिय हो गये है. बीते दिन दो अलग-अलग स्थानों पर चोरों ने चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया, जिसमें से एक में पुलिस ने एक चोर को मौके से दबोच लिया, जबकि दूसरा फरार हो गया. चोर ने पुलिस पूछताछ में खुलासा किया कि उसका गिरोह एक दिन में कम से कम चार बाइक चोरी करता है. इस घटना से पुलिस महकमे में खलबली मच गई है.

पहली घटना भगवान बाजार थाना क्षेत्र स्थित गंडक कॉलोनी की है. यहां जिला शिक्षा पदाधिकारी के आवास के पास एक शिक्षक की बाइक चोरी हो गई. अवतार नगर थाना क्षेत्र के हराजी गांव निवासी शिक्षक राकेश त्रिपाठी अपनी बाइक गेट के पास लगाकर शिक्षा पदाधिकारी से मिलने अंदर गए थे। इसी दौरान बाइक चोरों ने महज एक मिनट से भी कम समय में मास्टर चाबी का इस्तेमाल कर बाइक चुरा ली और फरार हो गए. गौर करने वाली बात यह है कि जिस स्थान पर चोरी हुई, वहां से चंद कदम की दूरी पर आयुक्त और डीआईजी का आवास भी है.

Add

दूसरी घटना एसपी कार्यालय के सामने कैंपस स्थित पार्किंग क्षेत्र की है, जहां चोरों ने एक सुरक्षा गार्ड की बाइक चोरी करने की कोशिश की. बाइक स्टार्ट कर भागने के दौरान एक चोर को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि उसका साथी बाइक छोड़कर फरार हो गया. पकड़े गए चोर से पूछताछ में कई अहम खुलासे हुए हैं. चोर ने पुलिस को बताया कि वह एक संगठित गिरोह का हिस्सा है, जो हर दिन अलग-अलग इलाकों में बाइक चोरी करता है. उसने यह भी बताया कि उनका गिरोह एक दिन में कम से कम चार बाइक चोरी करता है और उन्हें नंबर प्लेट बदलकर दूसरे जिलों या राज्यों में बेच देता है.

पुलिस फिलहाल उससे उसके अन्य साथियों के बारे में पूछताछ कर रही है और गिरोह की पूरी कुंडली खंगालने में जुट गई है. शहर के बीचों-बीच दो घटनाओं के घटित होने से आम लोगों के बीच भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है. खासकर तब जब घटनास्थल प्रशासनिक अफसरों के निवास और एसपी कार्यालय के पास हो, तो यह सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हैं. पुलिस ने भगवान बाजार थाने में एफआईआर दर्ज कर ली है और भागे हुए आरोपी की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी गई है.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *