छपरा शहर में फिर एक नर्सिंग होम में मरीज व उसके परिजनों ने किया जमकर तोड़फोड़ ; एक करोड़ से अधिक की क्षति

0 minutes, 4 seconds Read

CHHAPRA DESK –  छपरा शहर के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत श्रीनंदन पथ स्थित शुभम क्लिनिक एवं मेटरनिटी सेंटर में अचानक उस समय अफरा-तफरी मच गई जब दो दर्जन के करीब पहुंचे लोगों ने क्लीनिक में लाठी-डंडे के साथ तोड़फोड़ करना शुरू कर दिया. बताया जा रहा है कि प्रसव पीड़िता की मौत के बाद परिजन आक्रोशित थे और उक्त नर्सिंग होम में जमकर तोड़फोड़ किया. क्लीनिक के अनेक उपकरण सहित वहां खड़ी डॉक्टर की कार को भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया है. सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है. मृत महिला शहर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के साढ़ा निवासी संगीता देवी बताई जाती है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, संगीता देवी पिछले कुछ दिनों से क्लिनिक की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ मधु राय के देखरेख में इलाजरत थीं. स्थिति गंभीर होने के कारण दो दिन पूर्व उन्हें पटना रेफर किया गया था,

जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. इस घटना की सूचना मिलते ही आक्रोशित परिजन शव लेकर क्लिनिक पहुंचे और तोड़फोड़ शुरू कर दी. हंगामा कर रहे लोगों ने क्लिनिक के गार्ड के साथ मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. इसके अलावा, काउंटर पर मौजूद कर्मचारियों के साथ भी मारपीट की गई. गुस्साए परिजनों ने अल्ट्रासाउंड मशीन, पंखे, ब्रेच, मोटरसाइकिल और चारपहिया वाहन तक को क्षतिग्रस्त कर दिया है. घटना की जानकारी मिलते ही नगर इंस्पेक्टर संजीव कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया. उन्होंने बताया कि क्लिनिक प्रबंधन की ओर से दी गई शिकायत के आधार पर घटना की जांच शुरू कर दी गई है.

सीसीटीवी फुटेज की सहायता से आरोपियों की पहचान की जा रही है और प्राथमिकी दर्ज की जा रही है. वही डायल 112 की टीम ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंच कर स्थिति क़ो नियंत्रण किया, लेकिन पुलिस क़ो चकमा देकर सभी उपद्रवी फरार हो गये थे. इस संबंध में पूछे जाने पर उक्त नर्सिंग होम संचालक डॉक्टर मेजर मधुकर ने बताया कि उनकी पत्नी डॉ मधु राय के द्वारा किसी महिला मरीज का इलाज किया जा रहा था. कुछ दिन पहले उसे रेफर किया गया था, जिसकी मौत पटना में हुई है. वही आज 25 से 30 लोगों उनके नर्सिंग होम पर पहुंचे और पूरे नर्सिंग होम में तबाही मचा दी है. अल्ट्रासाउंड मशीन से लेकर कई उपकरणों को तहस कर दिया है. उन्होंने बताया कि करीब डेढ़ करोड़ रुपए की क्षति हुई है. समाचार प्रेषण तक इस मामले में प्राथमिकी की प्रक्रिया चल रही थी. वहीं पुलिस सीसीटीवी फुटेज संभालने में लगी है. जिससे कि उपद्रवियों की पहचान की जा सके.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *