भूमाफिया के खिलाफ शिकायत करने पहुंचे आवेदक ने थानेदार व मुंशी पर लगाया गंभीर आरोप ; एसएसपी से की जांच की मांग

0 minutes, 1 second Read

CHHAPRA DESK –  सारण जिला के डोरीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत डुमरी रसुलपुर गांव निवासी एक आवेदक को ही पुलिस द्वारा धमकाने का मामला सामने आया है. इस मामले में पीड़ित डुमरी रसुलपुर गांव निवासी गौतम कुमार के द्वारा एसएसपी से गुहार लगाई है. जिसमें मामले की निष्पक्ष जांच और थाना में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच करने की पीड़ित के द्वारा मांग की गई है. एसएसपी को सौंपे गये अपने आवेदन में स्थानीय निवासी गौतम कुमार साह ने बताया है कि उनकी जमीन पर कुछ भूमाफियाओं द्वारा अवैध कब्जा किए जाने की सूचना देने और विरोध करने पर थाना स्तर से ही उन्हें प्रताड़ित किया गया. गौतम कुमार ने बताया कि उन्होंने थानाध्यक्ष दिलीप कुमार और मुंशी अमित कुमार को भूमाफिया के अतिक्रमण की जानकारी दी थी,

लेकिन कार्रवाई करने की बजाए दोनों ने उल्टे उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की. यही नहीं, उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी तक दे दी गई. घटना आज 21 जून की दोपहर लगभग 12:55 बजे की बताई गई है. जब पीड़ित जन सुनवाई के दौरान थाना पहुंचा था. उसने कहा कि वहीं थाने में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से पूरे मामले की सच्चाई स्पष्ट हो सकती है. पीड़ित ने अपने आवेदन में आग्रह किया है कि थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कराई जाए और दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाए.

गौतम कुमार ने यह भी आरोप लगाया कि थाने में उन्हें प्रताड़ित किया गया और पुलिस द्वारा खुले तौर पर दबाव बनाया गया कि अगर वे शिकायत वापस नहीं लेते, तो उन्हें फर्जी मुकदमों में फंसाया जाएगा. पीड़ित ने यह भी बताया कि इस पूरे घटनाक्रम के दौरान उनके साथ सुभाष साह, अमित साह, धुरेन्द्र साह, रोहित कुमार और अमित कुमार नामक ग्रामीण भी मौजूद थे, जो प्रत्यक्षदर्शी हैं. अगर उक्त मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होती है तो वे उच्च अधिकारियों से लेकर मानवाधिकार आयोग तक शिकायत करेंगे.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *