करंट से झुलसे विद्युत कर्मी की इलाज के दौरान पटना में मौत ; परिवार में मातम

0 minutes, 0 seconds Read

CHHAPRA DESK –  हाई टेंशन तार की मरम्मति के दौरान गंभीर रूप से झुलसे विद्युत सब स्टेशन तरैया में कार्यरत बिजली मिस्त्री राज नारायण शर्मा की इलाज के दौरान पटना में मौत हो गई. शव उनके पैतृक गांव मढ़ौरा के धेनुकी गांव पहुंचते ही परिजनों के चीख पुकार से माहौल गमगीन हो गया. उपस्थित लोगों की आंखे नम हो गई. बता दें अनुबंध पर कार्यरत बिजली मिस्त्री मढ़ौरा थाना क्षेत्र के धेनुकी गांव निवासी 40 वर्षीय राज नारायण शर्मा गत दिनों हाई टेंशन तार की मरम्मति के दौरान करंट की चपेट में आ गया था. तरैया थाना क्षेत्र के भटौरा दक्षिण टोला गांव से गुजरने वाली 11 हजार वोल्ट की लाइन में डम्फर खोलते समय अचानक बिजली आ गई थी,

जिससे वह झुलस गया था. हादसे के बाद ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल मढ़ौरा रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया. जहां से उन्हें पीएमसीएच भेजा गया था. लेकिन वहां भी उसकी स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ और इलाज के दौरान मौत हो जाने पर शव का पोस्टमार्टम पीएमसीएच में हुआ. जिसके बाद स्वजनों ने शव को गांव लाया गया, जहां पर मृतक का अंतिम दाह संस्कार किया गया. शव आने बाद लोगों ने बिजली अधिकारियों से उचित मुआवजा की मांग को लेकर दाह संस्कार को रोक रखा था.

बताया जा रहा है कि बिजली मिस्त्री राज नारायण शर्मा अपने परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था. इस घटना के बाद उनकी पत्नी बिंदु देवी, बड़ा बेटा रौशन कुमार शर्मा, छोटा बेटा साहिल कुमार, पुत्री अंजली कुमारी समेत अन्य परिजनों का रो रो कर हाल बेहाल है. वहीं स्थानीय लोगों में डेवढी पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि दिलीप सिंह, पूर्व मुखिया धनंजय सिंह, स्थानीय दिनेश्वर शर्मा, रामाशीष शर्मा, बलिराम सिंह, रामबाबू सिंह, रमाशंकर महतो, ब्रज किशोर सिंह,सोनू कुमार व अन्य ने परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट किया.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *