मुस्कुराइए ! आप तपिश भरी गर्मी में छपरा नगर निगम के झील का आनंद ले रहे हैं !!!

0 minutes, 5 seconds Read

 

CHHAPRA DESK –  इस तपिश भरी गर्मी में लोग ठंडक के लिए नदी और तालाब खोज रहे हैं. अगर शहर में झील का आनंद लेना हो तो आ जाइए छपरा नगर निगम क्षेत्र के गुदरी बाजार में. आपको नगर निगम की झील का भरपूर आनंद मिलेगा. थोड़ी सड़ांध सी बदबू जरूर मिलेगी लेकिन ठंड से राहत भी मिलेगी. तभी तो गुदरी बाजार के दुकानदार और रिक्शावाला इसका भरपूर आनंद ले रहे हैं. लेकिन ग्राहक ही नजर नहीं आ रहा. जी हां ! यह छपरा नगर निगम का सबसे महंगा और बड़ा बाजार गुदरी बाजार है. महंगा इसलिए कि इसका ठेका 33 लाख में होता है, लेकिन सुविधा पूरे क्षेत्र में नदारद ही है. यहां सालोंभर जलजमाव की समस्या बनी रहती है.

Add

पर्व-त्यौहार आने या चिल्ल-पों मचाने पर नगर निगम सक्शन मशीन भेज कर सड़क से पानी उठा लेता है लेकिन स्थिति जैसी की तैसी बनी रहती है. इस भयंकर गर्मी में सड़क पर झील सा नजारा का कारण भी कुछ खास नहीं है, क्योंकि इस मोहल्ले में नाला सड़क से ऊपर है और सड़क के खाल में होने के कारण नाला का पानी सड़क से होकर ही बहता है. यह भी बता दें कि यह बाजार का आधा भाग वार्ड-8 और वार्ड-9 में आता है. दोनों पार्षद इस झील की तरफ आने जाने से कतराते हैं, क्योंकि लोग फब्तियां कसने से बाज नहीं आते हैं. आलम यह है कि इस क्षेत्र के लोग तो क्या कई मोहल्ले के लोग छपरा नगर निगम को नरक निगम के नाम से ही पुकारते हैं. वैसे यह नाम भी आपको पसंद आये तो खराब नहीं है.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *